ममता के कहने पर विधानसभा में सरकारी आवासों को लेकर मैंने पेश किया था गलत तथ्य : शोभन

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कहने पर मैंने विधानसभा में सरकारी आवासों को लेकर गलत तथ्य पेश किया था। तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए शोभन चटर्जी ने सोमवार को कोलकाता में रोड शो कर इसी तरह बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी पर निशाना साधा।

By Pooja SinghEdited By: Publish:Mon, 11 Jan 2021 06:52 PM (IST) Updated:Mon, 11 Jan 2021 06:52 PM (IST)
ममता के कहने पर विधानसभा में सरकारी आवासों को लेकर मैंने पेश किया था गलत तथ्य : शोभन
ममता के कहने पर विधानसभा में सरकारी आवासों को लेकर मैंने पेश किया था गलत तथ्य : शोभन

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कहने पर मैंने विधानसभा में सरकारी आवासों को लेकर गलत तथ्य पेश किया था। तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए शोभन चटर्जी ने सोमवार को कोलकाता में रोड शो कर इसी तरह बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा-मैं जब आवास मंत्री था और विधानसभा का सत्र चल रहा था, तब मुख्यमंत्री ने मुझसे विधानसभा में प्रश्नकाल के बंगाल में 25 लाख सरकारी आवास तैयार होने की बात कहने को कहा था। मैंने मुख्यमंत्री के निर्देश का पालन करते हुए ऐसा ही कहा था, उसी वक्त उन्होंने भरे सदन में मुझे पीछे से टोकते हुए कहा था कि 25 लाख नहीं, बल्कि 40 लाख सरकारी आवास का निर्माण कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री ने 10 मिनट पहले मुझसे जो कहने को कहा था, उससे वह खुद ही पलट गई थीं।इस घटना के बाद मैंने आवास मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। शोभन ने आगे कहा-'तृणमूल की सियासी जमीन खिसक रही है। वह आरोपों से घिरती जा रही है। जब मैं तृणमूल में था, तब वहां ऐसी स्थिति नहीं थी। शोभन ने तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष पर भी जमकर निशाना साधा।

शोभन ने कहा-'कुणाल ने चिटफंड का धंधा करवाकर तृणमूल को बरबाद कर दिया। यह वही कुणाल हैं, जिन्होंने एक समय सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चिटफंड घोटाले का दोषी बताते हुए उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की थी। गौरतलब है कि भाजपा में शामिल होने के तीन साल बाद यह पार्टी के लिए उनका पहला रोड शो था, जिसमें उनकी महिला मित्र बैसाखी बनर्जी भी शामिल हुईं।

भाजपा बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए शोभन के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी देना चाहती है। इस रोड शो को इसी का आगाज बताया जा रहा है। शोभन खुद भी कोलकाता में पार्टी का काम करने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं।  गौरतलब है कि इससे पहले हुए भाजपा के रोड शो में शोभन-बैसाखी ने अंतिम क्षण में हिस्सा नहीं लिया था, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बाजार गरम हो गया था। शोभन के भाजपा छोडऩे की भी अटकलें शुरू हो गई थीं लेकिन सोमवार के रोड शो में शोभन बेहद आक्रामक अंदाज में नजर आए और अपनी पिछली पार्टी पर जमकर निशाना साधा।

chat bot
आपका साथी