बंगाल में भाजपा की सरकार आते ही लागू होगा 7वां वेतन आयोग : राजनाथ

-कहा, भाजपा से डर गई है तृणमूल कांग्रेस -बंगाल में मां, माटी, मानुष सुरक्षित नहीं जागरण

By JagranEdited By: Publish:Sun, 03 Feb 2019 06:50 PM (IST) Updated:Sun, 03 Feb 2019 06:50 PM (IST)
बंगाल में भाजपा की सरकार आते ही लागू होगा 7वां वेतन आयोग : राजनाथ
बंगाल में भाजपा की सरकार आते ही लागू होगा 7वां वेतन आयोग : राजनाथ

-कहा, भाजपा से डर गई है तृणमूल कांग्रेस

-बंगाल में मां, माटी, मानुष सुरक्षित नहीं

जागरण संवाददाता, कोलकाता : केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस भाजपा से डर गई है। उसे पता चल गया है वह जा रही है। केंद्रीय गृहमंत्री रविवार को हुगली जिले के चुचुड़ा में भाजपा की महासभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में मां, माटी, मानुष सुरक्षित नहीं है। भ्रष्टाचारी हो या अपराधी, उसकी जगह जेल होती है। गृहमंत्री ने कहा कि जिस दिन यहां भाजपा की सरकार आएगी, कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ मिलेगा। भाजपा की सरकार ने त्रिपुरा में यह कर दिखाया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला करते हुए कहा कि यहां मां, माटी, सुरक्षित नहीं है। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि, आप भाजपा का साथ दें। बंगाल में अगली सरकार भाजपा की बनेगी। लोकसभा चुनाव में पार्टी को इस राज्य से 20-25 सीटें हासिल होंगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में अब ममता का मन नहीं है। वह महागठबंधन की बात सोच रही हैं। सभा मंच से राजनाथ सिंह ने अंतरिम केंद्रीय बजट की खूब सराहना की। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी की सरकार रहती है तो 2030 के पहले ही विश्व के तीन शीर्ष देशों में भारत का नाम होगा।

........................

'आप पर हाथ उठाने वालों का लिखकर रखें नाम'

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हाल ही में उन्होंने बंगाल में दो सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा की सभाओं के आयोजन में बाधा एवं उसमें भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों को जाने से रोके जाने पर राज्य प्रशासन पर प्रहार किया। सिंह ने कहा कि उन्हें सूचना मिली है कि सभाओं में आने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है। उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को हिम्मत नहीं हारने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि 'राजनीति में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। आप (पार्टी कार्यकर्ता) किसी पर हाथ नहीं उठाएं, अत्याचार सहन करें। यदि आप पर कोई हाथ उठा रहा है तो उनका नाम लिख कर रखें। क्योंकि अगली सरकार आपकी होगी।' केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि राज्य की परिस्थिति ऐसी हो गई है कि यहां लोकतंत्र लाठीतंत्र में तब्दील हो गया है। उन्होंने पंचायत चुनाव में हुई हिंसा की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कई लोगों ने पार्टी के लिए बलिदान दिया है। उनका बलिदान बेकार नहीं जाएगा।

chat bot
आपका साथी