बंगाल भाजपा की नई टीम में जगह न मिलने पर चंद्र बोस बोले-नए लोगों को भी मौका मिलना चाहिए

बंगाल में 2021 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने प्रदेश इकाई में बड़ा बदलाव करते हुए सोमवार को नई टीम घोषित की।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Tue, 02 Jun 2020 06:28 PM (IST) Updated:Tue, 02 Jun 2020 06:28 PM (IST)
बंगाल भाजपा की नई टीम में जगह न मिलने पर चंद्र बोस बोले-नए लोगों को भी मौका मिलना चाहिए
बंगाल भाजपा की नई टीम में जगह न मिलने पर चंद्र बोस बोले-नए लोगों को भी मौका मिलना चाहिए

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में 2021 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने प्रदेश इकाई में बड़ा बदलाव करते हुए सोमवार को नई टीम घोषित की। इसमें पिछले साल नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पौत्र चंद्र कुमार बोस को प्रदेश उपाध्यक्ष के पद से हटाकर उन्हें किनारा लगा दिया गया। पार्टी के इस कदम पर चंद्र बोस का कहना है कि उन्हें इसका कोई मलाल नहीं है और नए लोगों को भी मौका मिलना चाहिए।

मंगलवार को‌ जागरण के साथ बातचीत में चंद्र बोस ने कहा, 'पार्टी ने जो तय किया है हम उसका स्वागत करते हैं। सबको एक चांस मिलना चाहिए। जो नए लोगों ने ज्वाइन किया है और चुनाव में भी जीत कर आए हैं उन लोगों को नई टीम में मौका दिया गया है। ये अच्छी बात है।' बोस ने आगे कहा, हम तो 4 साल से प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर थे। दो चुनाव भी लड़े। उन्होंने जोर देकर कहा कि जो रिसेंटली ज्वाइन किए हैं और चुनाव में भी जीत कर आए हैं उन्हें भी मौका मिलना ही चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें रिस्पांसिबिलिटी (दायित्व) चाहिए, पोजीशन या पोस्ट की कोई जरूरत नहीं है। पोस्ट रहेगा और कोई दायित्व ही नहीं रहेगा तो इसका क्या फायदा है।

बोस ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है। पार्टी जो कहेगी वही सही है। हम पार्टी के सदस्य के रूप में काम करते रहेंगे और मुझे जो भी काम मिलेगा उसका निर्वहन करेंगे। भाजपा से नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी में कई तरह के लोग होते हैं ऐसे में सबके काम करने की अलग-अलग कार्यशैली होती है। हमें कोई नाराजगी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष बोल रहे हैं कि 2021 चुनाव में यह टीम अच्छा काम करेगी। मेरा मानना है कि उन्होंने जरूर कुछ अच्छा देखा होगा कि यह टीम अच्छा काम कर सकती है तभी उन्होंने पद दिया है। जो निर्णय उन्होंने किया है वह ठीक है। बोस ने अंत में कहा कि नरेंद्र मोदी एक बड़े लीडर हैं और पार्टी को अच्छी लीडरशिप दे रहे हैं। मोदी जी जो बताएंगे वही हम करेंगे।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने सोमवार को बड़ा फेरबदल करते हुए नई कार्यकारिणी घोषित की। इसमें कई नए चेहरे को मौका दिया गया है। वहीं, उपाध्यक्ष के पद पर रहे चंद्र बोस का नवीनतम सूची में नाम नहीं है और संगठन में उन्हें कोई अन्य पद भी नहीं दिया गया है। बोस पिछले कुछ समय से पार्टी लाइन के खिलाफ बोल रहे थे। उनके स्थान पर सांसद अर्जुन सिंह और सुभाष सरकार को उपाध्यक्ष बनाकर पदोन्नति दी गई है।

chat bot
आपका साथी