Mamata Banerjee Health Update: 48 घंटे बाद ममता को अस्पताल से मिली छुट्टी, व्हील चेयर पर आईं नजर

नंदीग्राम में बुधवार शाम चोटिल होने के बाद कोलकाता के सबसे बड़े सरकारी एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को शुक्रवार को छुट्टी मिल गईं। शाम करीब 650 बजे ममता को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Fri, 12 Mar 2021 07:13 PM (IST) Updated:Fri, 12 Mar 2021 09:04 PM (IST)
Mamata Banerjee Health Update: 48 घंटे बाद ममता को अस्पताल से मिली छुट्टी, व्हील चेयर पर आईं नजर
अस्पताल में भर्ती बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को शुक्रवार को छुट्टी

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : नंदीग्राम में बुधवार शाम चोटिल होने के बाद से अस्पताल में भर्ती बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को शुक्रवार को छुट्टी मिल गईं। बुधवार देर शाम ममता को कोलकाता स्थित राज्य के सबसे बड़े सरकारी एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब 48 घंटे बाद शाम करीब सात बजे ममता को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। इस दौरान ममता व्हील चेयर पर नजर आईं। अस्पताल से निकलते वक्त ममता ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान उनके भजीजे सांसद अभिषेक बनर्जी, मंत्री फिरहाद हकीम सहित अन्य पार्टी नेता मौजूद रहे।

CM Mamata Banerjee has responded well to the treatment. She has been discharged with appropriate instructions, due to her repeated requests. She has been advised to review after 7 days: SSKM Hospital, Kolkata pic.twitter.com/9eAfvWK5VL— ANI (@ANI) March 12, 2021

अस्पताल की ओर से कहा गया कि मुख्यमंत्री की सेहत में सुधार है। हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें 48 घंटे और अस्पताल में ही मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रहने के लिए कहा था, लेकिन मुख्यमंत्री बार-बार डिस्चार्ज करने का आग्रह कर रही थीं। इसके बाद छह सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने उन्हें छुट्टी देने का फैसला किया। हालांकि ममता अगले दो-तीन दिन घर पर भी डॉक्टर की निगरानी में रहेंगी। एक हफ्ते बाद ममता को फिर से चेकअप के लिए बुलाया गया है। इस बीच उन्हें अस्पताल की ओर से कुछ निर्देश भी दिए गए हैं, उसको मानते हुए वो थोड़ा बहुत मूवमेंट कर सकती हैं। ममता को अभी व्हील चेयर का ही इस्तेमाल करना होगा।

इससे पहले दिन में मेडिकल बोर्ड ने उनके स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया। उन्हें जो बाएं पैर में कच्चा प्लास्टर चढ़ाया गया था उसे हटाकर फिर से नया प्लास्टर चढ़ाया गया। राहत की बात है कि उनके पैर में कोई फ्रैक्चर नहीं है। लेकिन डॉक्टरों ने कहा कि मुख्यमंत्री के बाएं टखने और पैर की हड्डियों में गंभीर चोटें हैं। इसके अलावा उनके बाएं कंधे, कलाई और गर्दन में भी चोटें हैं। इसके अलावा उनके रक्त में सोडियम की मात्रा कम पाई गई है, जिसके लिए दवाई दी जा रही है।

गौरतलब है कि बुधवार को नंदीग्राम सीट से नामांकन के बाद ममता ने दावा किया कि चुनाव प्रचार के दौरान वहां चार-पांच लोगों ने उन पर हमला किया और उन्हेंं धक्का दिया, जिससे वह जख्मी हो गईं। 

हमले के खिलाफ तृणमूल कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी 

दूसरी ओर, ममता पर कथित हमले के खिलाफ शुक्रवार को भी तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। कोलकाता सहित राज्य के विभिन्न जिलों में तृणमूल कार्यकर्ताओं ने अपनी पार्टी सुप्रीमो पर हमले का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। 

चुनाव आयोग को पता लगाना चाहिए कि ममता बनर्जी पर किसने हमला किया : तृणमूल 

इधर, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने शुक्रवार को कहा कि भारत निर्वाचन आयोग को पता लगाना चाहिए कि नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री पर हमले के षड्यंत्रकारी कौन हैं। टीएमसी के महासचिव व मंत्री पार्थ चटर्जी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हमला उन लोगों ने किया जो उनकी लोकप्रियता से डरे हुए हैं। उन्होंने आयोग की जिम्मेदारी और निष्पक्षता पर फिर सवाल उठाए और कहा कि राज्य के डीजीपी को बदलने के अगले ही दिन सीएम पर हमला हो गया।

chat bot
आपका साथी