झाड़-फूंक के चक्कर में गई बच्चे की जान

जागरण संवाददाता, कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग थानांतर्गत ईंटखोला ग्राम पंचायत के 17 बीघा

By JagranEdited By: Publish:Sun, 10 Jun 2018 12:00 PM (IST) Updated:Sun, 10 Jun 2018 12:00 PM (IST)
झाड़-फूंक के चक्कर में गई बच्चे की जान
झाड़-फूंक के चक्कर में गई बच्चे की जान

जागरण संवाददाता, कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग थानांतर्गत ईंटखोला ग्राम पंचायत के 17 बीघापाड़ा इलाके में झाड़-फूंक के चक्कर में एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक का नाम मिजानूर शेख (3) है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही संदिग्ध हालत में मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को मिजानूर अपने पिता सैफुद्दीन शेख के साथ गांव में घूम रहा था। वह कब हाथ छुड़ाकर तालाब किनारे चला गया, पिता को पता ही नहीं चला। सैफुद्दीन ने अपने बेटे को काफी तलाशा, लेकिन वह नहीं मिला। करीब आधे घंटे बाद तालाब में नहाने पहुंचे लोगों की नजर पानी पर उतराते मिजानूर पर पड़ी। लोगों ने उसे तालाब से निकाला और किनारे पर रख दिया। खबर पाकर सैफुद्दीन भी पहुंच गया। मृतक के रफीकुल खां नामक एक रिश्तेदार ने बताया कि गांव के कुछ लोगों के कहने पर मिजानूर के पिता अपने बच्चे को अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक करवाने लगे। करीब दो घंटे तक झाड़-फूंक किया गया लेकिन बच्चा स्वस्थ नहीं हुआ। तब उसे कैनिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि जिस समय मिजानूर को तालाब से निकाला गया, उस समय वह वहीं पर था। कुछ लोगों ने बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाने की सलाह दी थी लेकिन वहां मौजूद दूसरे लोगों ने इसका विरोध किया और झाड़-फूंक से ठीक करने की बात पर अड़ गए। अगर बच्चे को समय रहते अस्पताल ले जाया जाता और दवाइयां दी जाती तो संभवत: उसकी जान बच सकती थी।

chat bot
आपका साथी