सीएम ममता बनर्जी के आरोपों पर भाजपा ने किया पलटवार, कहा- घोटाले से ध्यान भटकाने के लिए दे रहीं अनर्गल

भाजपा पर राजनीतिक प्रतिशोध के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर देश में तुगलकी शासन चलाने के लगाए गए आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री भर्ती घोटाले से ध्यान भटकाने के लिए अनर्गल बयान दे रही हैं।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Thu, 19 May 2022 07:33 PM (IST) Updated:Thu, 19 May 2022 07:35 PM (IST)
सीएम ममता बनर्जी के आरोपों पर भाजपा ने किया पलटवार, कहा- घोटाले से ध्यान भटकाने के लिए दे रहीं अनर्गल
प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य ।

कोलकाता, राज्य ब्यूरो।  शिक्षकों की भर्ती में हुए घोटाले पर जारी विवाद के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा गुरुवार को भाजपा पर राजनीतिक प्रतिशोध के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर देश में तुगलकी शासन चलाने के लगाए गए आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री, भर्ती घोटाले से ध्यान भटकाने के लिए अनर्गल बयान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि माननीय हाई कोर्ट के आदेश पर सीबीआइ शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच कर रही है, ऐसे में केंद्रीय एजेंसियों पर आरोप लगाना आरोपितों का बचाव करना है।

भट्टाचार्य ने कहा कि इस मामले में अपने मंत्रियों की संलिप्तता एवं उनके खिलाफ सीबीआइ जाचं से मुख्यमंत्री बौखला गईं है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में किस तरह भ्रष्टाचार का बोलबाला है, शिक्षक भर्ती घोटाला इसका नमूना है। योग्य युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर मंत्रियों ने अपने लोगों की नियुक्ति की है। भाजपा प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री से इस मामले में आरोपित दोनों मंत्रियों पार्थ चटर्जी एवं परेश अधिकारी को मंत्रिमंडल से तुरंत बर्खास्त करने की मांग की। बता दें कि इससे पहले विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी वरिष्ठ मंत्री पार्थ चटर्जी को इस घोटाले का मास्टरमांड बताया था। दरअसल, शिक्षा मंत्री के पद पर रहते पार्थ पर शिक्षकों की नियुक्ति में अनियमितता का आरोप है। कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश पर सीबीआइ ने बुधवार शाम मंत्री पार्थ चटर्जी से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की थी। हाई कोर्ट ने शिक्षा राज्यमंत्री परेश अधिकारी को भी सीबीआइ के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया है, लेकिन वे बुधवार को पेश नहीं हुए थे।

बता दें कि इससे पहले ममता ने दिन में आरोप लगाया कि सीबीआइ, ईडी व अन्य एजेंसियों का डर दिखाकर भाजपा देश में तुगलकी राज चला रही है। ममता ने यह भी दावा किया कि राज्य की पूर्ववर्ती वाममोर्चा सरकार के कार्यकाल के दौरान सरकारी नौकरियों की भर्ती में कई विसंगतियां थीं और वह उससे जुड़ी जानकारी जल्द साझा करेंगी। मुख्यमंत्री ने शिक्षक भर्ती घोटाले में अपनी सरकार का बचाव करते हुए कहा कि नियुक्तियों में विसंगतियों को लेकर काफी कुछ कहा जा रहा है। अगर किसी ने कुछ गलत किया है, तो कानून अपना काम करेगा। किंतु, यह दुष्प्रचार अभियान बंद होना चाहिए।

chat bot
आपका साथी