Bengal Chunav Hinsa: आठवें चरण में बीरभूम व मुर्शिदाबाद में कई जगहों पर हिंसा, माकपा कार्यकर्ता की हत्या

Bengal Chunav Hinsa मुर्शिदाबाद में एक माकपा कार्यकर्ता की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। स्थानीय नेताओं ने इसके लिए कांग्रेस व तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। जोड़ासांको सीट से भाजपा प्रत्याशी मीणा देवी पुरोहित की गाड़ी को लक्ष्य कर महाजाति सदन के निकट बम फेंके गए।

By Priti JhaEdited By: Publish:Thu, 29 Apr 2021 10:13 AM (IST) Updated:Thu, 29 Apr 2021 08:12 PM (IST)
Bengal Chunav Hinsa: आठवें चरण में बीरभूम व मुर्शिदाबाद में कई जगहों पर हिंसा, माकपा कार्यकर्ता की हत्या
बंगाल में आखिरी चरण के मतदान में भी हिंसा की खबरें सामने आई हैं।

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल में आखिरी चरण में भी छिटपुट हिंसा का दौर दिनभर जारी रहा। कोलकाता के सेंट्रल एवेन्यू में महाजाति सदन के पास सुबह मतदान के दौरान जोड़ासांको सीट से भाजपा प्रत्याशी मीना देवी पुरोहित के वाहन पर बम फेंके गए। इसमें वह बाल-बाल बच गईं। पुरोहित ने आरोप लगाया कि यह मुझे मारने की कोशिश और मतदाताओं को डराने की साजिश थी। उधर मानिकतला इलाका भी कुछ देर के लिए रणक्षेत्र बना रहा। यहां से भाजपा प्रत्याशी व पूर्व भारतीय फुटबॉलर कल्याण चौबे का तृणमूल कार्यकर्ताओं ने घेराव किया। इसमें उन्हें चोटें भी आई है। इसी तरह कोलकाता के बेलेघाटा इलाके में भाजपा समर्थकों की हॉकी स्टिक और लाठी से पिटाई की गई जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए। तृणमूल पर इसका आरोप है।

बीरभूम व मुर्शिदाबाद में कई जगहों पर हुई हिंसा

वहीं, बीरभूम के नानूर व सिउड़ी समेत कई जगहों एवं मुर्शिदाबाद के डोमकल व अन्य स्थानों पर भी जमकर बमबाजी हुई। दिन चढ़ने के साथ भाजपा व तृणमूल के बीच हिंसा को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी रहा। विभिन्न जगहों पर भाजपा के पोलिंग एजेंटों को मतदान केंद्रों में नहीं घुसने देने व उन्हें धमकाने का भी तृणमूल पर आरोप लगा। सिउड़ी में 281 नंबर बूथ पर बम फेंके गए। पिस्तौल दिखाकर वोटरों को डराने की कोशिश हुई। ऐसा आरोप भाजपा ने लगाया। वहीं, तृणमूल ने आरोपों को खारिज किया। वहीं, मुर्शिदाबाद में मतदान शुरू होने से पहले एक माकपा कार्यकर्ता की कथित रूप से हत्या कर दी गई। 

इलमबाजार में तृणमूल समर्थकों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर किया हमला

बीरभूम के इलमबाजार निर्वाचन क्षेत्र के बरुईपुर में 115 नंबर बूथ के बाहर सैकड़ों तृणमूल कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। इसमें कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए।इसी तरह बीरभूम के दुबराजपुर विधानसभा क्षेत्र के पंसुदी ग्राम में वोट देने गये एक भाजपा कार्यकर्ता का तृणमूल समर्थित बदमाशों ने सिर फोड़ दिया। इसी तरह मयूरेश्वर में भाजपा प्रत्याशी श्यामापद मंडल के भाई और भाजपा कार्यकर्ता विश्वजीत मंडल पर तृणमूल कार्यकर्ताओं ने लाठी डंडे से हमला किया। गंभीर हालत में विश्वजीत को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी तरह बीरभूम के नानूर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार तारकेश्वर साह के वाहन पर हमला व उसमें तोड़फोड़ की गई।

कूचबिहार के शीतलकूची के एक बूथ पर हुआ पुनर्मतदान

इधर, सुरक्षाबलों की फायरिंग में चार लोगों की मौत और हिंसा की वजह से कूचबिहार जिले के शीतलकूची विधानसभा सीट के एक बूथ पर 10 अप्रैल को मतदान रद होने के चलते गुरुवार को यहां पुनर्मतदान हुआ। बंगाल में मात्र यही एक बूथ है, जहां पुनर्मतदान की नौबत आई। आज जब भाजपा प्रत्याशी वहां पहुंचे तो तृणमूल प्रत्याशी ने उन्हें घर लिया और जमकर हंगामा किया। आरोप है कि तृणमूल प्रत्याशी ने पुलिस को धमकाया भी। उधर मुर्शिदाबाद जिले की दो विधानसभा सीट जंगीपुर और शमशेरगंज में मतदान 16 मई को होगा। क्योंकि, इन दोनों ही सीटों के दो प्रमुख प्रत्याशियों की कोरोना से मौत हो गई थी।

chat bot
आपका साथी