'शॉटगन' को केंद्रीय मंत्री का जवाब, मैं जीवनभर बच्चा बनकर खुश हूं

सिन्हा के सुप्रियो को बच्चा बताने पर अब केंद्रीय मंत्री ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अगर वफादारी का गुण केवल बच्चों तक सीमित है तो वह जिंदगीभर बच्चा बने रहकर खुश हैं।

By Manish NegiEdited By: Publish:Mon, 05 Feb 2018 07:19 PM (IST) Updated:Tue, 06 Feb 2018 06:51 AM (IST)
'शॉटगन' को केंद्रीय मंत्री का जवाब, मैं जीवनभर बच्चा बनकर खुश हूं
'शॉटगन' को केंद्रीय मंत्री का जवाब, मैं जीवनभर बच्चा बनकर खुश हूं

कोलकाता, राज्य ब्यूरो।  फिल्म जगत से ताल्लुक रखने वाले भारतीय जनता पार्टी के दो नेताओं शत्रुघ्न सिन्हा और केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो के बीच जुबानी जंग जारी है। सिन्हा के सुप्रियो को बच्चा बताने पर अब केंद्रीय मंत्री ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अगर वफादारी का गुण केवल बच्चों तक सीमित है तो वह जिंदगीभर बच्चा बने रहकर खुश हैं।

दरअसल, इस जुबानी जंग की शुरुआत राजस्थान उपचुनाव में कांग्रेस द्वारा भाजपा को करारी शिकस्त देने के बाद शुरू हुई। इसे लेकर भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने पार्टी पर चुटकी ली। उन्होंने ट्वीट किया कि सत्तारूढ़ पार्टी के लिए रिकॉर्ड ब्रेकिंग खतरनाक परिणामों के साथ ब्रेकिंग न्यूज- भाजपा को तीन तलाक देने वाला राजस्थान पहला राज्य बन गया है। अजमेर-तलाक, अलवर-तलाक, मांडलगढ़-तलाक। हमारी पार्टी को झटका देते हुए हमारे विरोधियों ने रिकॉर्ड अंतर से चुनावों में जीत दर्ज की है। शत्रुघ्न सिन्हा के इस ट्वीट पर बाबुल सुप्रियो ने जवाब दिया।

उन्होंने कहा कि आपको इतनी नफरत है तो आप तीन तलाक दीजिए और खुद छोड़ दीजिए भाजपा। सुप्रियो के इस बयान पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि बाबुल अभी बच्चा है। नया जोश है वफादारी दिखाने का, लेकिन उसकी चापलूसी का स्तर दुखद है। उन्होंने कहा कि मैं तब से राजनीति में हूं, जब वह पैदा भी नहीं हुआ था और मैं तब से फिल्म जगत का हिस्सा हूं, जब उसने इसके बारे में सोचा भी नहीं होगा। शत्रुघ्न के इस बयान पर केंद्रीय मंत्री ने भी सोमवार को अपना जवाब दिया। उन्होंने कहा, आदरणीय सर, यदि वफादारी का गुण केवल बच्चों तक सीमित है तो जीवनभर बच्चा बने रहकर खुश रहूंगा। वफादारी इंसान के डीएनए में होनी चाहिए। किसी का साथ छोड़ना भी वफादारी से हो सकता है।

chat bot
आपका साथी