केंद्रीय विद्यालयों में रही स्वतंत्रता दिवस की धूम

पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों में भी गुरुवार

By JagranEdited By: Publish:Fri, 16 Aug 2019 09:49 PM (IST) Updated:Sat, 17 Aug 2019 06:36 AM (IST)
केंद्रीय विद्यालयों में रही स्वतंत्रता दिवस की धूम
केंद्रीय विद्यालयों में रही स्वतंत्रता दिवस की धूम

जागरण संवाददाता, खड़गपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों में भी गुरुवार को 73वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की धूम रही। इस क्रम में खड़गपुर लोकल अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय नं. 1, वायुसेना स्थल, कलाईकुंडा प्रांगण में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आायोजन प्राचार्य राकेश कुमार वर्मा के दिशा निर्देश में हर्षोल्लास के साथ किया गया।

समारोह में वायु सेना के अधिकारियों एवं अभिभावकों के साथ मुख्य अतिथि के तौर पर ग्रुप कैप्टन आर.आर. तम्हाने स्टेशन कमांडर 5 विग वायु सेना स्थल कलाईकुंडा उपस्थित रहे। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तत्पश्चात राष्ट्रगान का उद्घोष हुआ। स्वतंत्रता दिवस के साथ ही रक्षा बंधन पर्व के उपलक्ष्य में सेना के वीर जवानों का स्वागत बालिकाओं द्वारा राखी बांध कर किया गया। विद्यार्थियों द्वारा देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मुख्य अतिथि ने समारोह को संबोधि करते हुए विद्यार्थियों को बताया कि भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी सैन्य शक्ति एवं सातवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। उन्होंने विविधता में एकता, संविधान के महत्व और उच्चतर माध्यमिक कक्षा के विद्यार्थियों को सही विचारधारा अपनाने का सुझाव दिया। विद्यार्थियों ने स्वयं निर्मित राखियों एवं शुभकामना पत्र वीर जवानों को भेंट किया।

इधर शहर के रेलवे सेटलमेंट स्थित केंद्रीय विद्यालय नं. 2 खड़गपुर में भी गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस का आयोजन विद्यालय प्रांगण में किया गया। विद्यालय के कलर पार्टी द्वारा प्राचार्य किशोर कुमार का स्वागत मुख्य अतिथि के तौर पर कर उन्हें सलामी दी गई। प्राचार्य किशोर कुमार ने झंडारोहण किया। उपस्थित शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावकों ने राष्ट्रगान गाया। समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने कहा कि हमारे बच्चे आत्मनिर्भर बने। प्रत्येक छोटी-छोटी बातों के लिए स्वयं पर निर्भर रहें। अपने सारे छोटे-छोटे कार्य जैसे पोशाक बदलने से लेकर विद्यालय आते समय अपना बैग स्वयं वहन करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपने जन्मदिन पर एक पौधा अवश्य लाएं, ताकि पर्यावरण को सुरक्षित रखने में सभी अपना योगदान दे सकें।

chat bot
आपका साथी