बंगालः भाजपा सांसद अर्जुन सिंह बोले, दीदी आपके आतंक से डरने वाला नहीं

Mamata Banerjee. भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी के इशारे पर मुझ पर किए गए कायराना हमले से मैं डरने वाला नहीं हूं।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Mon, 02 Sep 2019 06:25 PM (IST) Updated:Mon, 02 Sep 2019 06:47 PM (IST)
बंगालः भाजपा सांसद अर्जुन सिंह बोले, दीदी आपके आतंक से डरने वाला नहीं
बंगालः भाजपा सांसद अर्जुन सिंह बोले, दीदी आपके आतंक से डरने वाला नहीं

जागरण संवाददाता, कोलकाता। भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने खुद पर हुए हमले को कायराना हरकत करार देते हुए सोमवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने ममता को टैग करते हुए ट्वीट किया-'ममता बनर्जी, आपके आतंक और हमले से मैं डरने वाला नहीं हूं। बंगाल में आपके आतंक के खात्मे तक लड़ता रहूंगा।' अर्जुन ने आगे लिखा है-'ममता बनर्जी के इशारे पर मुझपर किए गए कायराना हमले से मैं डरने वाला नहीं हूं। मैं और मजबूती से लड़ूंगा, भले ही मेरी जान चली जाए लेकिन यह सुनिश्चित करूंगा कि बंगाल से ममता के आतंक राज का अंत हो। एक कदम भी पीछे नहीं हटूंगा।'

अर्जुन सिंह ने एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा रहा है कि बैरकपुर के पुलिस उपायुक्त अजय ठाकुर मीडियाकर्मियों पर हमला करते नजर आ रहे है। वे मीडिया कर्मियों को थप्पड़ भी मार रहे हैं और उनके कैमरे छीन रहे हैं। इस वीडियो को साझा करते हुए अर्जुन सिंह ने लिखा -'अपने हिंसक बर्ताव और आतंक के शासन की वजह से ममता बनर्जी जब विपक्ष को नहीं डरा सकीं तो अब मीडिया पर हमले करवा रही हैं। आखिर यह कहां खत्म होगा?'

एक अन्य ट्वीट में अर्जुन सिंह ने कहा-'ममता बनर्जी ने पहले अपने राजनीतिक दुराग्रह की वजह से बंगाल के विकास को रोक दिया, यहां औद्योगिकीकरण और औद्योगिक घरानों का आना बंद करा दिया। अब साजिश के तहत लोकतंत्र की हत्या कर रही हैं। ममता बनर्जी ने न केवल विपक्ष और मीडिया बल्कि राज्य के आइएएस और आइपीएस अधिकारियों को भी नहीं बख्शा है। दीदी का आतंक अब चरम पर है इसलिए ममता राज का अंत होना अब जरूरी हो गया है।' दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस ने इसे अर्जुन सिंह की चाल करार देते हुए कहा कि उन्होंने जान-बूझकर अपने ऊपर हमला करवाया है।

राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई 
राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई है। सोमवार को अस्पताल जाकर भाजपा सांसद अर्जुन सिंह का हालचाल पूछने के बाद पत्रकारों से बातचीत में राज्यपाल ने कहा-'राज्य में जो हो रहा है, वो बेहद चिंताजनक है। सांसद पर इस तरह का हमला निंदनीय है। मैं घटना को लेकर संबंधित अधिकारियों से बातचीत करूंगा।'

राज्यपाल ने आगे कहा-'राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति में क्रमश: अवनति हो रही है। राज्य सरकार को विकास पर ध्यान देना चाहिए। यह सुनिश्चित करने के लिए कि सभी लोग अनुशासित तरीके से कार्य करें, एक प्रणाली अवश्य होनी चाहिए। हमें शांति में यकीन करना चाहिए।' धनखड़ ने शिक्षकों व मीडियाकर्मियों पर हाल के समय में हुए हमले की घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा-'ऐसी हिंसा को देखकर दुख होता है। जब शिक्षकों, डॉक्टरों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों को कुछ होता है तो मुझे दुख होता है। लोकसभा चुनाव के बाद बंगाल में हिंसा की कई घटनाएं हुई हैं।

राज्यपाल ने कहा-'मैं दिल्ली में था। अर्जुन सिंह से मिलने के लिए अपनी यात्रा बीच में ही छोड़ दी क्योंकि यहां गंभीर घटना हुई है।' गौरतलब है कि राज्यपाल के पद की शपथ लेने के बाद उन्होंने पहली बार राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर टिप्पणी की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने राज्यपाल के बयान पर कहा कि उन्होंने वही कहा है, जो पूरे बंगाल के लोग कह रहे हैं। वहीं दमदम से तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत राय ने कहा कि राज्यपाल को राजनीतिक बयान नहीं देना चाहिए।
 

यह भी पढ़ेंः बंगाल में BJP MP अर्जुन सिंह पर जानलेवा हमला, पार्टी ने बुलाया 12 घंटे का बंद

chat bot
आपका साथी