कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलेगा चाय श्रमिकों का प्रतिनिधिमंडल : गौरव गोगोई

चाय श्रमिकों के बीच पैठ बनाने की कवायद के तहत कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करने की इच्छा जताई है। यह बात पार्टी के प्रदेश प्रभारी गौरव गोगोई ने कही।

By Rajesh PatelEdited By: Publish:Sat, 08 Dec 2018 09:40 AM (IST) Updated:Sat, 08 Dec 2018 09:40 AM (IST)
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलेगा चाय श्रमिकों का प्रतिनिधिमंडल : गौरव गोगोई
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलेगा चाय श्रमिकों का प्रतिनिधिमंडल : गौरव गोगोई
सिलीगुड़ी [जागरण संवाददाता]। सांसद सह पश्चिम बंगाल कांग्रेस प्रभारी गौरव गोगोई ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से चाय श्रमिकों के एक प्रतिनिधिमंडल को मिलवाया जाएगा। ये उत्तर बंगाल के चाय श्रमिकों की समस्याओं के साथ ही समाधान के उपाय सुझाएंगे। चाय श्रमिकों से मिलने की इच्छा स्वयं गांधी ने जताई है।गोगई शुक्रवार की शाम सिलीगुड़ी महकमा के बतासी में कांग्रेस के ट्रेड यूनियन इंटक द्वारा आयोजित श्रमिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उत्तर बंगाल के चाय बागान मजदूरों की समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं है। कांग्रेस चाय श्रमिकों के सामने प्रण करती है कि अगर केंद्र में वह सत्ता में आई तो यहां के चाय श्रमिकों को जमीन का पट्टा और पक्का मकान दिलाने का काम किया जाएगा। केंद्र पर हमला करते हुए साढ़े चार वर्षो की कमियों को उजागर किया।
रामपुर हाट के विधायक सह कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के चेयरमैन मिल्टन रसीद ने कहा कि एक ओर केंद्र सरकार सांप्रदायिक तनाव के माध्यम से अल्पसंख्यकों का शोषण कर रही है तो दूसरी ओर राज्य सरकार अल्पसंख्यकों का सिर्फ इस्तेमाल कर रही है। इसके खिलाफ सड़क पर उतरकर बंगाल से ममता और केंद्र से भाजपा को हटाने का काम कांग्रेस करेगी।
विधायक शंकर मालाकार ने कहा कि मोदी और दीदी के चक्कर में गरीब जनता पिस रही है। तृणमूल कांग्रेस सत्ता में आने के पहले चाय श्रमिकों की बात करती थी, परंतु सत्ता में आने के बाद उसके हित में कोई कदम नहीं उठा रही है। विधायक सुनील तिर्की ने कहा कि चाय श्रमिकों की समस्या को लेकर हमारे नेता और यूनियन के पदाधिकारी लगातार आवाज उठाते रहते हैं। वीपी सिंह ने कहा कि बहुत जल्द केंद्र से भाजपा की सरकार जाने वाली है। उसके बाद श्रमिकों के दिन लौटेंगे। श्रमिक सम्मेलन में आए नेताओं का स्वागत और अध्यक्षता इंटक नेता अलोक चक्रवर्ती कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चाय श्रमिक इतनी मुसीबत सहकर भी प्रारंभ से कांग्रेस के साथ हैं और आगे भी रहेंगे। इस बात से पार्टी के केंद्रीय नेताओं को अवगत कराया गया। आज खुशी है कि हमारे नेता राहुल गांधी ने इस बात को गंभीरता से लिया है। सम्मेलन में सूर्यसिंह शर्मा और दशरथ राय ने झंडोत्तोलन किया तो रामचंद्र बड़ाइक, सुनीता मुंडा, रुक्मिणी गोसाई, विजय मुंडा, एल्फीस तिर्की आदि ने भी अपनी बात रखी। बाद में सभी ने एक साथ जमीन पर बैठकर खिचड़ी ग्रहण किया।  
chat bot
आपका साथी