उत्‍तरकाशी में गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे भूस्‍खलन के चलते रहा बंद, सिल्‍क्‍यारा के पास एक वाहन आया इसके जद में

उत्‍तरकाशी में भूस्‍खलन से गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे बाधित है। गंगोत्री हाईवे सुक्‍खी टाप के पास मलबा आने से बंद है जबकि यमुनोत्री हाईवे सिल्क्यारा ब्रह्मखाल के बीच भूस्‍खलन के चलते अवरुद्ध है। इस दौरान सिल्क्यारा के पास एक वाहन भूस्खलन की जद में आ गया।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 09:43 AM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 09:43 AM (IST)
उत्‍तरकाशी में गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे भूस्‍खलन के चलते रहा बंद, सिल्‍क्‍यारा के पास एक वाहन आया इसके जद में
सिल्क्यारा के पास यमुनोत्री जाते समय एक वाहन भूस्खलन की जद में आ गया। जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया है।

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्रह्मखाल और सिल्क्यारा के बीच सोमवार सुबह हुए भूस्खलन के दौरान ब्रह्मखाल से बड़कोट की ओर जा रही एक कार भूस्खलन की जद में आ गई। भूस्खलन से आए बोल्डर के कारण कार क्षतिग्रस्त हो गई। शुक्र यह रहा कि कार में बैठे चालक सहित एक अन्य व्यक्ति की जान बाल-बाल बची। अन्य वाहन चालकों व स्थानीयजनों ने क्षतिग्रस्त कार को भूस्खलन जोन से बाहर निकाला।

रविवार की रात और सोमवार सुबह हुई बारिश के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिल्क्यारा के पास भारी भूस्खलन हुआ। भूस्खलन जोन पार करने के दौरान एक कार मलबे और पत्थर की चपेट में आई। कार में सवार चालक सहित अन्य व्यक्ति ने भागकर जान बचाई। इस स्थान पर करीब तीन घंटे तक राजमार्ग बंद रहा। वहीं गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सुक्की के पास भूस्खलन होने के कारण करीब पांच घंटे तक बंद रहा। रविवार की रात और सोमवार की सुबह को सुक्की क्षेत्र में भारी बारिश हुई।

आलवेदर रोड का पुश्ता हुआ क्षतिग्रस्त, भवन को खतरा

ऋषिकेश-गंगोत्री राजमार्ग पर खाड़ी के समीप आलवेदर रोड का पुश्ता क्षतिग्रस्त होने से एक मकान को खतरा पैदा हो गया है। भवन स्वामी ने लापरवाह कंपनी व बीआरओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हाईवे पर खाड़ी के पास आलवेदर रोड का पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे विजेंद्र प्रसाद कोठियाल के भवन को खतरा पैदा हो गया, जिससे परिवार के सदस्य सहमे हुए हैं। विजेंद्र कोठियाल का कहना है कि हाईवे पर भारत कंपनी की लापरवाही से आलवेदर रोड का बुरा हाल है।

विजेंद्र कोठियाल का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने बीआरओ, जिलाधिकारी व भारत कंपनी को शिकायत भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसका कारण उनके भवन को खतरा पैदा हो गया है। जिला पंचायत सदस्य अनिल भंडारी का कहना है कि भारत कंपनी व बीआरओ की मिलीभगत से आलवेदर रोड से जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे भविष्य में दुर्घटनाओं का भी अंदेशा बना है। उन्होंने सरकार से लापरवाह कंपनी व बीआरओ पर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में तहसीलदार पीतांबर सिंह रावत का कहना है कि संबंधित क्षेत्र के राजस्व उप निरीक्षक को सोमवार मौके पर भेजा जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:- उत्तराखंड: अनियमित बारिश ने बिगाड़ा मानसून का 'गणित', सितंबर में सामान्य से अधिक बरस रहे बादल

chat bot
आपका साथी