हर दिन जाम के जंजाल में उलझते लोग

संवाद सूत्र, पुरोला : मुख्य बाजार सहित नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों जाम की समस्या बढ़ती जा रही है

By Edited By: Publish:Sun, 30 Aug 2015 06:24 PM (IST) Updated:Sun, 30 Aug 2015 06:24 PM (IST)
हर दिन जाम के जंजाल में उलझते लोग

संवाद सूत्र, पुरोला : मुख्य बाजार सहित नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। हर रोज हिमाचल से आने वाले सेब के ट्रकों की वजह से क्षेत्रवासियों को जाम से दो-चार होना पड़ रहा है। वहीं इस समस्या की वजह से यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह से चरमरा गई है। स्थिति को देखते हुए व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दोपहर एक से दो बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है। बताया कि बच्चों के स्कूल से लौटने का यही वक्त होता है। उनकी सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन से यह मांग की गई है।

इन दिनों हर रोज हिमाचल से दस-दस टायर वाले सौ से अधिक सेब से लदे ट्रक पुरोला मुख्य बाजार से आवाजाही कर रहे हैं। इससे बाजार में घंटों जाम बना रहता है। सबसे ज्यादा दिक्कत नौनिहालों को हो रही है। अभिभावक भी अपने पाल्यों की सुरक्षा को चिंतित रहते हैं। वहीं दूसरी ओर पुलिस, प्रशासन भी इस समस्या से पार नहीं पा रहा है। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष उपेंद्र असवाल समेत अन्य व्यापारियों ने इस संबंध में प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

व्यवस्था सुधारने को मांग सहयोग

नगर क्षेत्र में जाम की समस्या से निजात दिलाने एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखने को लेकर पुरोला के नव नियुक्त थानाध्यक्ष संतोष कुंवर ने जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों व आम लोगों से सहयोग की अपील की। थानाध्यक्ष ने क्षेत्र के लोगों के साथ बैठक कर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, जड़ी-बूटी तस्करी, होटलों में शराब पिलाने पर अंकुश लगाने पर चर्चा की। इस मौके पर लोगों ने भी अपने सुझाव दिए।

chat bot
आपका साथी