यात्रा के लिए पुलिस सतर्क, तैयारियां शुरू

By Edited By: Publish:Mon, 31 Mar 2014 04:53 PM (IST) Updated:Mon, 31 Mar 2014 04:53 PM (IST)
यात्रा के लिए पुलिस  सतर्क, तैयारियां शुरू

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : गंगोत्री व यमुनोत्री रूट पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी है। बीते साल की आपदा से सबक लेते हुए इस बार पुलिस राहत व बचाव को लेकर ज्यादा सतर्क नजर आ रही है। खास तौर पर कम समय में अधिक काम करने पर जोर दिया जा रहा है।

बीते साल 17 जून को आई आपदा के दौरान गंगोत्री व यमुनोत्री रूट पर बीस हजार से अधिक यात्री मौजूद थे। आपदा के बाद दोनों हाईवे बंद होने से सभी यात्री फंस गए। ऐसे में पुलिस के पास राहत व बचाव का कोई प्रभावी तंत्र न होने के कारण यात्रियों की जान पर बन आई थी। आपदा प्रबंधन भी आम तौर पर पुलिस की मौजूदगी पर ही निर्भर रहता है। इसी वजह राहत व बचाव का कार्य काफी देरी से शुरू हो सका। इससे सबक लेते हुए इस बार पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने में जुट गया है। इसके लिए यात्रा रूट पर तैनात करने वाले पुलिस कर्मियों को नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में राहत व बचाव कार्यो की ट्रेनिंग पूरी करवाई जा चुकी है। पुलिस कर्मी गंगोत्री रूट पर चिन्यालीसौड़ से गंगोत्री व यमुनोत्री रूट पर डामटा से जानकीचट्टी तक तैनात रहेंगे। इसके अलावा हर आठ या दस किमी की दूरी पर पुलिस संपर्क सूत्र तैयार कर रही है। ऐसे में कम समय में घटना स्थल तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

'अभी सुरक्षा व बचाव की तैयारियों के अन्य पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है, बीते साल की आपदा के अनुभवों के आधार पर इस दिशा में ठोस व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जगतराम जोशी, एसपी, उत्तरकाशी।

chat bot
आपका साथी