कार्य बहिष्कार से चरमराई सफाई व्यवस्था

रुद्रपुर में पर्यावरण मित्रों का धरना प्रदर्शन व कार्यबहिष्कार जारी रहने से सफाई व्यवस्था चरमराई।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 15 Dec 2020 06:08 PM (IST) Updated:Tue, 15 Dec 2020 06:08 PM (IST)
कार्य बहिष्कार से चरमराई सफाई व्यवस्था
कार्य बहिष्कार से चरमराई सफाई व्यवस्था

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर: पर्यावरण मित्रों के धरना प्रदर्शन व कार्यबहिष्कार से सफाई व्यवस्था चरमराने लगी है। निगम क्षेत्र के सभी 40 वार्डों में दो दिनों से झाड़ू नहीं लगाई गई। जिससे सार्वजनिक जगहों पर गंदगी दिखने लगी है। वहीं नालियों में भी सफाई का कार्य रोक दिया गया है। पर्यावरण मित्रों का कहना है कि यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य भी बुधवार से रोक दिया जाएगा।

नगर निगम में कार्यरत पर्यावरण मित्र मोहल्ला स्वच्छता समिति गठित करने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि कई नगर निकायों में मोहल्ला स्वच्छता समिति के जरिए कर्मचारियों को नियुक्ति दी जा रही है। जबकि रुद्रपुर नगर निगम आउटसोर्सिंग के जरिए कर्मचारियों की नियुक्ति कर रहा है। देवभूमि सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुनील रौतकी ने कहा कि लंबे समय से विरोध के बाद भी ठेका प्रथा जारी है। जिससे कर्मचारियों के हितों की अनदेखी हो रही है। नियमित किए गए कर्मचारियों को भी पीएफ अंशदान नहीं दिया गया। इसी तरह कर्मचारियों के ग्रेच्युटी, पेंशन, नियुक्ति आदि से जुड़े कई मामले अधर में लटके हुए हैं। नगर आयुक्त रिकू नेगी कर्मचारियों की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रही हैं। जिसका परिणाम है कि सभी को धरना प्रदर्शन व कार्य बहिष्कार के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यदि यही स्थिति आगे भी जारी रही तो कर्मचारियों का आंदोलन और ज्यादा तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान मुकेश राजौरिया, राजीव खैरालिया, मनोज कुमार, राजपाल, सोनू मुल्तानी, मुकेश कुमार, सुनील, बंटी, प्रीतम सहित सैकड़ों की संख्या में पर्यावरण मित्र मौजूद थे। ---इनसेट---

विद्युत कर्मियों का समर्थन

पर्यावरण मित्रों के कार्य बहिष्कार व आंदोलन को अब नगर निगम के विद्युत कर्मचारियों ने भी समर्थन दे दिया है। जिसमें नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें आन करने कर्मचारी नहीं जाएंगे। देवभूमि सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुनील रौतकी ने यह जानकारी दी।

chat bot
आपका साथी