मलबे से चरमराई शहर की यातायात व्यवस्था

संवाद सहयोगी, खटीमा : राजमार्ग पर अतिक्रमण ध्वस्तीकरण के लिए चलाए गए अभियान के दौरान जमीदोंज हुए बहु

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Jun 2018 05:17 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jun 2018 05:17 PM (IST)
मलबे से चरमराई शहर की यातायात व्यवस्था
मलबे से चरमराई शहर की यातायात व्यवस्था

संवाद सहयोगी, खटीमा : राजमार्ग पर अतिक्रमण ध्वस्तीकरण के लिए चलाए गए अभियान के दौरान जमीदोंज हुए बहुमंजिले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व भवनों का मलबा शहरवासियों व आमजन के परेशानी का सबब बन गया है। टनकपुर मार्ग पर जगह-जगह मलबे के ढ़ेर लगने से यातायात व्यवस्था चरमरा कर रह गई है। बड़े वाहनों का रूट डायवर्ट किए जाने की वजह से पहले से ही यात्रियों को गंतव्यों तक रवाना होने के लिए बसों में बैठने को शहर से बाहर जाना पड़ रहा है। वहीं मलबे के ढेरों की वजह से पैदल व दोपहिया वाहन सवार राहगीर भी शहर से नहीं निकल पा रहे हैं। इस बीच प्रशासन का अभियान आठवें दिन भी चला। टनकपुर रोडवेज के सामने स्थित अतिक्रमण को भी ध्वस्त कर दिया गया।

आठ दिनों से चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के बाद पूरा शहर खासकर टनकपुर रोड मलबे के ढेर में तब्दील सी दिख रही है। अभी तक गिराए गए भवनों का चौथाई मलबा भी मौके से नहीं हटाया जा सका है। कुछ बहुमंजिली इमारतें अभी आधी-अधूरी टूटी हैं। जिनके पूरी तरह ध्वस्तीकरण में कुछ समय लग सकता है। ऐसे में लगातार जमा हो रहा मलबा परेशानी की वजह बना है। शहर में व्यापार लगभग चौपट हो चुका है। पैदल राहगीर जैसे-तैसे शहर से गुजर भी रहे तो मलबे से उठ रही धूल उन्हें परेशान कर रही है। हालांकि प्रशासन ध्वस्तीकरण के साथ-साथ मलबे को जेसीबी मशीनों व टै्रक्टर-ट्रालियों की मदद से उठवा भी रहा है। बावजूद इसके शहर में अव्यवस्था सी बनी हुई है। रूट डायवर्ट होने की वजह से यात्रियों को वाहन पकड़ने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। इधर शुक्रवार को रोडवेज स्टेशन के सामने आश्रम पद्वति से सटी दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया।

chat bot
आपका साथी