रेल लाइन से जुड़ेगी उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के साथ ही बदरीनाथ केदारनाथ गंगोत्री और यमुनोत्री को भी रेल लाइन से जोड़ने का प्रस्ताव है। अब उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी चमोली जिले में स्थित गैरसैंण को भी इसमें शामिल किया जा रहा है।

By Edited By: Publish:Sat, 20 Feb 2021 10:11 PM (IST) Updated:Sat, 20 Feb 2021 10:11 PM (IST)
रेल लाइन से जुड़ेगी उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण
शनिवार को रुद्रप्रयाग में मीडिया से बातचीत में तीरथ सिंह रावत।

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के साथ ही बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री को भी रेल लाइन से जोड़ने का प्रस्ताव है। अब चमोली जिले में स्थित उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण को भी इसमें शामिल किया जा रहा है। गढ़वाल के सांसद तीरथ सिंह रावत ने बताया कि इस बारे में रेल मंत्री पीयूष गोयल से बातचीत हुई है और उन्होंने इस पर सहमति जताई है।

शनिवार को रुद्रप्रयाग में मीडिया से बातचीत में तीरथ सिंह रावत ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के 70 वर्ष में पहली बार पहाड़ पर रेल पहुंचाने का सपना साकार होने जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग के बीच तय समय में रेल सेवा का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। सांसद ने कहा कि पिछले दिनों गैरसैंण को रेल लाइन से जोड़ने के लिए रेल मंत्री से उनकी विस्तृत वार्ता हुई है। रेल मंत्री ने भरोसा दिया है जल्द ही इस दिशा में कार्य शुरू किया जाएगा।

सांसद ने कहा कि ऑल वेदर रोड और रेल परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट में शुमार है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद पहाड़ों पर न केवल यातायात सुरक्षित हो जाएगा, बल्कि समय की बचत होने के साथ ही रोजगार के साधन भी विकसित होंगे। केदारनाथ पुनर्निर्माण पर उन्होंने कहा कि केदारनाथ को रोपवे से जोड़ने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। वहां तेजी से पुनर्निर्माण के कार्य चल रहे हैं। अब केदारनाथ एक नए रंग में नजर आ रहा है। सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य में महत्वपूर्ण विकास कार्य किए हैं।

गांवों को सड़कों से जोड़ने के साथ ही गरीब परिवारों को निश्शुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने कार्यकर्त्‍ताओं का आह्वान किया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए एकजुट होकर कार्य करें। सरकार के कार्यो को जन-जन तक पहुंचाया जाना चाहिए। इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री विक्रम कंडारी व अनूप सेमवाल, मंडल अध्यक्ष रुद्रप्रयाग ग्रामीण सुरेंद्र प्रसाद जोशी व मंडल अध्यक्ष तल्लानागपुर एसएस बिष्ट, प्रदेश महिला मोर्चा की सरला खंडूडी मौजूद थे।

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी