सीमांत क्षेत्र में समस्याओं को दूर करने को सामूहिक प्रयास: त्रिवेंद्र

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जनपद भ्रमण के दूसरे दिन सीमांत गां

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Jul 2021 11:28 PM (IST) Updated:Tue, 20 Jul 2021 11:28 PM (IST)
सीमांत क्षेत्र में समस्याओं को दूर करने को सामूहिक प्रयास: त्रिवेंद्र
सीमांत क्षेत्र में समस्याओं को दूर करने को सामूहिक प्रयास: त्रिवेंद्र

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जनपद भ्रमण के दूसरे दिन सीमांत गांव गड़गू पहुंचे और भगवान मध्यमेश्वर व जाखराजा मंदिर में पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया। पहली बार सीमांत गांव में किसी पूर्व मुख्यमंत्री के पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ों व फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं भी उनके सम्मुख रखी। पूर्व मुख्यमंत्री ने गड़गू गांव से विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया।

ऊखीमठ विकास खंड के सीमांत गांव गड़गू में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में आज भी समस्याओं का अंबार लगा हुआ है, जिनके निराकरण के लिए सामूहिक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में जो भी समस्याएं हैं, उनका निराकरण का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उनका ढोल नगाड़ों व फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। पहली बार किसी पूर्व मुख्यमंत्री के गड़गू गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में भारी उत्साह था। मदमहेश्वर व जाखराजा मन्दिर में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की पूजा अर्चना की। पूर्व सीएम ने शिवलिग पर जलाभिषेक कर क्षेत्र के खुशहाली व विश्व कल्याण की कामना की। इस अवसर पर ग्रामीणों ने गड़गू-विसुणी ताल, बुरूवा-विसुणी ताल, चैमासी-खाण-मनणामाई, गिरीया-देवरिया ताल पैदल ट्रैकों को विकसित करने, काली शिला व रुद्र महादेव तीर्थ, मदमहेश्वर धाम को चार धामों की तर्ज पर विकसित करने, रासी गांव से मनणामाई धाम जाने वाली लोक जात यात्रा को भव्य रूप देने तथा जिला पंचायत के कालीमठ वार्ड के अन्तर्गत सभी गांवों को यातायात से जोड़ने की मांग की। प्रधान बरंगाली महावीर सिंह नेगी ने परिवहन निगम की देहरादून-ऊखीमठ बस सेवा को तुंगनाथ घाटी के दुर्गाधार तक संचालित करने, बनातोली में धर्मशाला निर्माण की मांग रखी। इस दौरान पूर्व सीएम रावत ने गैड़ गांव पहुंच कर विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन का संकल्प लिया।

इस मौके पर पूर्व विधायक आशा नौटियाल, पालीगॉन के प्रबन्ध निदेशक डीएस पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, दर्शनी पंवार, गजेंद्र चौधरी, पूर्व प्रधान सरिता नेगी, दरवान सिंह नेगी, कमला देवी, दीपक राणा, राजेन्द्र सिंह नेगी, संग्राम सिंह राणा, मनोज राणा, राय सिंह राणा, गणेश प्रसाद सेमवाल, शमशेर सिंह, राजेन्द्र सिंह अथवाल, कृपाल सिंह पंवार, रघुवीर राणा, पृथ्वीपाल चौहान, सतीश भटट् आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी