खांकर और नैनी-सैनी के ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर पलटा कूड़ा, लगाया जाम

पिथौरागढ़ मुख्यालय से सटे गांव में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों ने कूड़ा मुख्य रोड पर बिखेर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 11:04 PM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 11:04 PM (IST)
खांकर और नैनी-सैनी के ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर पलटा कूड़ा, लगाया जाम
खांकर और नैनी-सैनी के ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर पलटा कूड़ा, लगाया जाम

संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: जिला मुख्यालय से सटे बड़े गांवों में कूड़ा निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं होने से अब ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है। शुक्रवार को हवाई पट्टी के नजदीक स्थित नैनी सैनी और खांकर के ग्रामीणों ने गांव में जमा कूड़ा मुख्य सड़क पर पलट कर चक्का जाम कर दिया। जाम खुलवाने पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। दो घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीण जाम खोलने को तैयार हुए।

नैनी-सैनी और खांकर गांव में कूड़ा निस्तारण की कोई व्यवस्था नहीं है। लोग मुख्य मार्ग से लगे खेतों में कूड़ा जाम कर दे रहे थे। खेतों में कूड़े का ढेर लग गया था। ग्रामीणों ने कई बार इसे हटाए जाने की मांग की, लेकिन इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई। खेती के साथ ही गांव में उठ रही दुर्गन्ध से परेशान ग्रामीणों का धैर्य शुक्रवार को जवाब दे गया। ग्रामीणों ने पूर्वाह्न 11 बजे जमा कूड़े के ढेर नैनी-सैनी पिथौरागढ़ मार्ग पर पलट दिए। जिससे जाम लग गया। ग्रामीण मौके पर ही प्रदर्शन करने लगे। जाम की सूचना मिलने पर जाजरदेवल के थानाध्यक्ष हेम तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से कूड़ा हटाने के लिए वार्ता की, ग्रामीण इसके लिए तैयार नहीं हुए। वार्ता के दौरान कई बार ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। करीब अपराह्न एक बजे जाम के बाद इस मामले में उपजिलाधिकारी तुषार सैनी से फोन पर वार्ता की गई। उन्होंने गांव में कूड़ेदान लगवाने का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीण जाम खोलने को तैयार हुए। तहसील प्रशासन ने नगर पालिका से जेसीबी मशीन मंगवाकर सड़क पर डाले गए कूड़े को हटाकर उसका निस्तारण किया गया। ======== नैनीसैनी और खांकर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थल पर कूड़ा डालने की जानकारी मिली है। कूड़े के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन योजना के तहत निस्तारण के लिए शीघ्र ग्रामीणों के साथ संबंधित विभाग की बैठक कराई जाएगी। गांव में कूड़ा निस्तारण स्थलों का विकास किया जाएगा।

- तुषार सैनी, एसडीएम (सदर), पिथौरागढ़

chat bot
आपका साथी