मूक-बधिर महिला को पुलिस ने स्वजनों से मिलाया

पिथौरागढ़ के जाजरदेवल पुलिस ने नगर की सड़कों पर भटक रही मूक-बधिर महिला को उसके स्वजनों से मिलाकर मानवता का परिचय दिया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 03 May 2021 10:42 PM (IST) Updated:Mon, 03 May 2021 10:42 PM (IST)
मूक-बधिर महिला को पुलिस ने स्वजनों से मिलाया
मूक-बधिर महिला को पुलिस ने स्वजनों से मिलाया

संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : जाजरदेवल पुलिस ने नगर की सड़कों पर भटक रही मूक-बधिर महिला को उसके स्वजनों से मिलाकर मानवता का परिचय दिया। शादी समारोह में आई महिला भटककर बाजारं पहुंच गई थी।

क‌र्फ्यू के दौरान चेकिंग के लिए जाजरेदवल थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ रई क्षेत्र में निकले थे। रात्रि नौ बजे एक वृद्ध महिला उन्हें सड़क पर घूमती मिली। पूछताछ करने पर भी महिला ने कोई जवाब नहीं दिया तब पता चला कि महिला मूक बधिर है। इसके बाद आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस टीम को पता लगा कि महिला आसपास के किसी गांव में शादी समारोह में आई थी। पुलिस ने सुराग लगाकर इजर गांव में शादी होने की जानकारी एकत्र की। गांव पहुंची पुलिस टीम ने वृद्धा के बारे में जानकारी जुटाई। इस बीच पता चला कि वृद्धा लक्ष्मी देवी शादी समारोह से किसी समय गांव से बाहर निकल गई। शादी में व्यस्त होने के कारण लोगों को इसका पता नहीं लग सका। पुलिस टीम ने लक्ष्मी देवी को उसके भतीजे रमेश राम को सौंप दिया। महिला के बारे में जानकारी जुटाने वाली पुलिस टीम में एसआइ आरती, कांस्टेबल नैन सिंह, गोविंद वर्मा शामिल थे। परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया है।

उधर गंगोलीहाट में बीते 11 दिनों से लापता नाबालिग युवती को पुलिस ने सितारगंज से बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तारकिया है। युवक के खिलाफ पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।

गंगोलीहाट तहसील की नाबालिग लड़की 22 अप्रैल को घर में किसी को बताए बगैर लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी युवती का पता नहीं लगने पर परिजनों ने 25 अप्रैल को गंगोलीहाट थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लापता लड़की का पता लगाने के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से युवती के सितारगंज में होने का पता लगा लिया। टीम ने वहां से किशोरी को बरामद कर लिया। किशोरी को भगाने के मामले में धीरज निवासी पतारबाड़ा हाल निवास सितारगंज को गिरफ्तार किया गया है। युवती से पूछताछ के बाद धीरज के खिलाफ धारा 363, 366, 376 के साथ ही पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। आरोपित युवक को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष गंगोलीहाट दिनेश बल्लभ, एसआइ विजय कुमार, एसआई मीनाक्षी रौतेला, कांस्टेबल प्रियंका, राहुल सिंह, अरविंद कुमार शामिल रहे।

chat bot
आपका साथी