पिथौरागढ़ में 67 फीसद मतदान

जागरण संवाददाता पिथौरागढ़ त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव के प्रथम चरण में पिथौरागढ़ जनपद के तीन

By JagranEdited By: Publish:Sat, 05 Oct 2019 11:23 PM (IST) Updated:Sat, 05 Oct 2019 11:23 PM (IST)
पिथौरागढ़ में 67 फीसद मतदान
पिथौरागढ़ में 67 फीसद मतदान

जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़ : त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव के प्रथम चरण में पिथौरागढ़ जनपद के तीन विकासखंडों में कुल 67.08 फीसद मतदान हुआ। पंचेश्वर से लेकर जौलजीवी में गोरी नदी पुल तक मतदान प्रक्रिया का प्रेक्षक सहित जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचन अधिकारियों ने बूथों का निरीक्षण किया। प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्यों का चुनाव लड़ रहे 922 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो चुका है।

शनिवार सुबह आठ बजे से मतदान प्रारंभ हुआ। कुछ स्थानों पर सुबह से ही लाइन लग गई थी तो कुछ मतदान केंद्रों पर दोपहर को ही सुनसानी छा गई। कुछ मतदान केंद्रों पर सायं आठ बजे तक लाइन लगी रही। बिण विकास खंड के सुजई और बांस मतदान केंद्र में सायं साढ़े सात बजे तक मतदान चल रहा है। मूनाकोट विकास खंड के जाखपंत, मड़, डुंगराकोट और बडारी मतदान केंद्रों पर भी मतदान चल रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ.वीके जोगदंडे कंट्रोल रू म से जानकारी लेते रहे।

बिण विकास खंड के पिथौरागढ़ नगर से सटे ग्राम पंचायतों के बूथों पर सुबह से ही लंबी लाइन लग गई थी। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह मतदान की गति धीमी रही। परंतु दस बजे के बाद दूरदराज के बूथों पर भीड़ बढ़ने लगी थी। प्रथम चरण में बिण विकास खंड में ग्राम पंचायत सदस्य के 625, ग्राम प्रधान के 85, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 39 और जिपं सदस्य के पांच पदों के लिए मतदान हुआ। मूनाकोट ब्लॉक में ग्राम पंचायत के 554, ग्राम प्रधान के 76, क्षेत्र पंचायत के 37 और जिपं सदस्य के चार पदों के लिए मतदान हुआ। कनालीछीना में ग्राम पंचायत सदस्य के 650, ग्राम प्रधान के 92, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 33 और जिपं सदस्य के तीन पदों के लिए मतदान हुआ। इन पदों के लिए चुनाव लड़ रहे ग्राम प्रधान के 592, क्षेत्र पंचायत के 282 और जिपं सदस्य के 48 प्रत्याशी मैदान में थे। जिनका भाग्य मतपेटियों में बंद हो चुका है। पांच वर्ष पूर्व 2014 में पंचायती चुनाव का मत प्रतिशत 73.34 रहा था।

=========

लौटने लगी हैं मतदान पार्टियां

विकासखंड मुख्यालयों के निकटवर्ती बूथों से मतदान पार्टियां लौटने लगी हैं। जबकि दूरस्थ क्षेत्रों से मतदान पार्टियों के देर रात तक लौटने की संभावना है। विकास खंड कनालीछीना और मूनाकोट की 17 मतदान पार्टियों के रविवार दोपहर तक लौटने की संभावना है।

chat bot
आपका साथी