पुलिस पहुंची घर आरोपी अदालत में

जागरण संवाददाता, कोटद्वार: प्रखंड दुगड्डा में घर में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी ने गुरूवार को

By Edited By: Publish:Fri, 21 Nov 2014 06:13 PM (IST) Updated:Fri, 21 Nov 2014 06:13 PM (IST)
पुलिस पहुंची घर आरोपी अदालत में

जागरण संवाददाता, कोटद्वार: प्रखंड दुगड्डा में घर में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी ने गुरूवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। जिस वक्त आरोपी न्यायालय में आत्मसमर्पण कर रहा था, राजस्व पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी को उसके घर दबिश दे रही थी।

सनद रहे कि गत एक नवंबर को प्रखंड दुगड्डा निवासी एक छात्रा ने गांव के ही एक युवक पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया। छात्रा का कहना था कि जिस वक्त वह घर पर अकेली थी, युवक उसके आवास में घुसा व दुष्कर्म का प्रयास किया। मौके पर पहुंची छात्रा की मां व बहन के शोर मचाने के बाद युवक मौके से फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी को घर में दबिश दी, लेकिन उसका पता नहीं चला।

इस मामले में गुरुवार को नायब तहसीलदार अबरार अहमद के नेतृत्व में राजस्व टीम ने पुन: युवक के घर पर दबिश दी। वहां से पता चला कि युवक कोटद्वार न्यायालय में आत्मसमर्पण करने चला गया है। यह सुन टीम वापस लौट आई व न्यायालय में पहुंची। नायब तहसीलदार श्री अबरार ने बताया कि आरोपी अमित अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आत्मसमर्पण कर चुका था। उन्होंने बताया कि न्यायाधीश ने अमित को जेल भेजने का आदेश देते हुए उसे उनके सुपुर्द कर दिया।

chat bot
आपका साथी