होमस्टे योजना से जुड़कर मजबूत बनेंगी पहाड़ की महिलाएं, पहले चरण में अल्मोड़ा व देहरादून चयनित

पहाड़ की महिलाओं को रोजगार से जोडऩे के मकसद से राज्य महिला आयोग ने अनूठी पहल की है। नारीशक्ति को प्रशिक्षित कर होमस्टे व अन्य योजनाओं से जोड़ रोजगार मुहैया कराया जाएगा।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Sun, 04 Aug 2019 11:15 AM (IST) Updated:Sun, 04 Aug 2019 11:15 AM (IST)
होमस्टे योजना से जुड़कर मजबूत बनेंगी पहाड़ की महिलाएं, पहले चरण में अल्मोड़ा व देहरादून चयनित
होमस्टे योजना से जुड़कर मजबूत बनेंगी पहाड़ की महिलाएं, पहले चरण में अल्मोड़ा व देहरादून चयनित

रानीखेत, मनीष साह : पहाड़ की महिलाओं को रोजगार से जोडऩे के मकसद से राज्य महिला आयोग ने अनूठी पहल की है। नारीशक्ति को प्रशिक्षित कर होमस्टे व अन्य योजनाओं से जोड़ रोजगार मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए जल्द ही अल्मोड़ा व देहरादून में विशेषज्ञों की निगरानी में विशेष प्रशिक्षण देकर महिलाओं को आत्मनिर्भरता के साथ आर्थिकी की ओर प्रेरित किया जाएगा।

पर्वतीय महिलाओं को स्वावलंबी बना आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के मकसद से राज्य महिला आयोग ने विशेष योजना तैयार की है। महिलाओं को विशेषज्ञों की निगरानी में प्रशिक्षण दिया जाएगा। होमस्टे व अन्य योजनाओं की बारीकियों से रूबरू कराया जाएगा। ताकि वह योजना से जुड़ स्वावलंबी बन सकें। पहले चरण में पर्यटन विभाग व राज्य महिला आयोग मिलकर प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू करेगा।

खेती से जोडऩे पर भी फोकस

होमस्टे आदि के साथ महिलाओं के लिए पहाड़ में पारंपरिक खेती को बढ़ावा दे गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भी योजना बनाई गई है। ताकि महिलाएं गांव में ही रहकर रोजगार कर सकेंगी। वहीं समय मिलने पर खेती भी करेंगी। 

पहले चरण में चुने गए अल्मोड़ा व देहरादून 

विजया बड़थ्वाल, अध्यक्ष राज्य महिला आयोग ने बताया कि प्रशिक्षण के पहले चरण में अल्मोड़ा व देहरादून जनपद चुने गए हैं। यहां जल्द कार्यशाला कराएंगे। ग्रामीण महिलाओं के लिए यह योजना कारगर साबित होगी। इसके लिए तेजी से काम किया जा रहा है। होम स्टे व अन्य योजनाओं से जोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना मुख्य उद्देश्य है।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी