उत्तराखण्ड चुनाव 2022 : कांग्रेस में बगावत लालकुआं से निर्दलीय लड़ेंगे पूर्व कैबिनेट मंत्री दुर्गापाल

Uttarakhand Vidhan Sabha Chunav 2022 पूर्व कैबिनेट मंत्री दुर्गापाल ने कहा की उन्होंने हमेशा कांग्रेस के लिए काम किया है। लेकिन कांग्रेस ने उनके साथ अन्याय किया है। कहा कि समर्थकों की राय सर्वोपरि है। अगर जनता चाहती है तो वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Tue, 25 Jan 2022 11:32 PM (IST) Updated:Tue, 25 Jan 2022 11:32 PM (IST)
उत्तराखण्ड चुनाव 2022 : कांग्रेस में बगावत लालकुआं से निर्दलीय लड़ेंगे पूर्व कैबिनेट मंत्री दुर्गापाल
काफी निवेदन करने के बाद भी समर्थकों ने संध्या डालाकोटी को दुर्गापाल के घर में घुसने नहीं दिया।

संवाद सहयोगी, लालकुआं : कांग्रेस से संध्या डालाकोटी को प्रत्याशी घोषित करते ही लालकुआं विधानसभा में हलचल मच गई। मंगलवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल के आवास पर आयोजित महापंचायत में समर्थकों ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर दुर्गापाल को निर्दलीय चुनाव लड़ाने का एलान कर दिया।

सोमवार को कांग्रेस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी को लालकुआं विधानसभा का प्रत्याशी घोषित किया था। जिससे पूर्व कैबिनेट मंत्री दुर्गापाल व कांग्रेस नेता हरेंद्र बोरा के समर्थकों में आक्रोश फैल गया। टिकट वितरण से नाराज कार्यकर्ता व समर्थक मंगलवार को हरीश चंद्र दुर्गापाल के हल्दुचौड़ स्थित आवास पर पहुंच गए। जिन्होंने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दुर्गापाल से निर्दलीय चुनाव लडऩे का निवेदन किया। तीन घंटे तक चली महापंचायत में चोरगालिया, गौलापार, बरेली रोड, लालकुआं व बिदुखत्ता के समर्थकों ने दुर्गापाल को समर्थन देते हुए कांग्रेस से इस्तीफा देने का एलान किया। जिसके बाद समर्थकों को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री दुर्गापाल ने कहा की उन्होंने हमेशा कांग्रेस के लिए काम किया है। लेकिन कांग्रेस ने उनके साथ अन्याय किया है। कहा कि समर्थकों की राय सर्वोपरि  है। अगर जनता चाहती है तो वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। इस दौरान वह कई बार भावुक भी हुए।

कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थकों ने दुर्गापाल से नहीं दिया मिलने
मंगलवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल अपने आवास पर कार्यकर्ताओं से राय शुमारी कर रहे थे। इसी दौरान  कांग्रेस पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी संध्या डालाकोटी व उनके पति समर्थकों के साथ उनके आवास पर पहुंच गए। लेकिन दुर्गापाल व हरेंद्र बोरा समर्थकों ने उनके आवास के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर बंद कर दिया। आक्रोशित कार्यकर्ता दुर्गापाल व हरेंद्र बोरा के पक्ष व कांग्रेस पार्टी के खिलाफ नारे लगाने लगे। काफी निवेदन करने के बाद भी समर्थकों ने संध्या डालाकोटी को दुर्गापाल के घर में घुसने नहीं दिया। जिसके बाद संध्या डालाकोटी समर्थकों के साथ गेट के बाहर ही बैठ गई। जबकि दुर्गापाल व बोरा समर्थक हंगामा करते रहे। यही नहीं दुर्गापाल के आवास में लगा कांग्रेस का झंडा भी हटा दिया। इधर गेट के अंदर कार्यकर्ताओं से रायसुमारी के दौरान दुर्गापाल ने कांग्रेस से इस्तीफा देने का एलान कर दिया। जिसके बाद संध्या डालाकोटी समर्थकों के साथ वापस लौट गई। जिसके बाद संध्या ने समर्थकों के साथ दूसरे दावेदार हरेंद्र बोरा व बीना जोशी के आवास पर जाकर समर्थन मांगा।
हरीश चंद्र दुर्गापाल का कहना है कि कांग्रेस प्रत्याशी संध्या डालाकोटी समर्थकों के साथ उनसे मिलने पहुंची। उस समय टिकट नही मिलने से समर्थक आक्रोशित थे। जिस कारण समर्थकों ने उन्हें रोक दिया। जिसके बाद उनसे बाद में आने को कहा गया।
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी संध्या डालाकोटी का कहना है कि कांग्रेस ने उन्हें टिकट दिया है। दुर्गापाल उनके वरिष्ठ है इसलिए उनसे आशीर्वाद लेने उनके घर गई थीं। लेकिन काफी निवदेन करने के बाद भी वह नहीं मिले।
chat bot
आपका साथी