पिथौरागढ़ व बागेश्वर में उच्च हिमालय से सटे गांवों में बर्फबारी, घाटी में बरसे मेघ

रविवार रात कपकोट में बर्फबारी और घाटी में बारिश हुई। जिसके कारण ठंड में इजाफा हो गया है। वहीं पिथौरागढ़ के उच्च हिमालय में भारी हिमपात से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मुनस्यारी में खलिया से लेकर बलाती तक मौसम का पहला हिमपात हो चुका है।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 05:42 PM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 05:42 PM (IST)
पिथौरागढ़ व बागेश्वर में उच्च हिमालय से सटे गांवों में बर्फबारी, घाटी में बरसे मेघ
उच्च हिमालय में पानी जमने की संभावना बन चुकी है। निचले इलाकों में बादल छाए हैं ।

जागरण टीम, बागेश्वर पिथौरागढ़ : जिले में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। पिछले तीन दिनों से आसमान में बादल छाए हैं। रविवार रात कपकोट में बर्फबारी और घाटी में बारिश हुई। जिसके कारण ठंड में इजाफा हो गया है। वहीं, पिथौरागढ़ के उच्च हिमालय में भारी हिमपात से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मुनस्यारी में खलिया से लेकर बलाती तक मौसम का पहला हिमपात हो चुका है। हिमनगरी मुनस्यारी में तापमान एक डिग्री पहुंच चुका है।

बागेश्वर : कपकोट तहसील के नामिक, कीमू, बाछम, सोराग, बोराचक, झारकोट, खाती, फुरकिया आदि स्थानों पर हिमपात हुआ। जिससे कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। क्षेत्र में बर्फीली हवाएं चलने से लोग घरों में कैद हो गए हैं। नगर और कस्बाइ इलाकों में अलाव आदि की व्यवस्था नहीं होने से राहगरी और यात्री परेशान हैं। जिले के सभी हिस्सों में रात से सुबह तक रिमझिम बारिश हुई। जिससे किसानों के चेहरे खिल गए हैं।

कीमू गांव निवासी किसान दान सिंह, मोहन सिंह, डिगर सिंह, खड़क सिंह, गोविंद सिंह, तारा सिंह आदि ने बताया कि गेहूं और मसूर की फसल के लिए यह बारिश वरदान साबित होगी। असिंचित भूमि में मसूर बोया जाता है। बारिश का उन्हें लंबा इंतजार था। इधर, जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार बारिश के आसार बने हुए हैं। जिला प्रशासन के निर्देश पर सभी तहसीलों को अलर्ट रहने को कहा गया है। जिले के अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहा।

खलिया से बलाती तक हुआ हिमपात 

मुनस्यारी/ धारचूला: रविवार देर रात्रि से मौसम में हल्का बदलाव आया। रात को जिले के निचले इलाकों में बादल छाए रहे। इस दौरान उच्च हिमालय में भारी हिमपात हुआ। पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, नंदा देवी, नंदा कोट,सिदमधार ,बृजगंग सहित रालम, धारचूला के व्यास और दारमा में हिमपात जारी है। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग में छियालेख तक हिमपात हो चुका है। मुनस्यारी के खलिया टाप में चार इंच, बलाती में दो इंच हिमपात हुआ है। कालामुनि और बिटलीधार के पास तक भी मौसम का पहला हिमपात हुआ है।

खलिया में तापमान माइनस तीन डिग्री,  मिलम में माइनस 6 डिग्री ,रालम में माइनस 6 डिग्री के अलावा उच्च हिमालय के सभी क्षेत्रों में माइनस से काफी कम तापमान पहुंंंचने लगा है। उच्च हिमालय में पानी जमने की संभावना बन चुकी है। निचले इलाकों में बादल छाए हैं । दिन में धूप , छांव चलती रही। उच्च हिमालय सहित उच्च मध्य हिमालय की चोटियों में हिमपात हो रहा है।

chat bot
आपका साथी