कुमाऊं में झमाझम बारिश से लौट आई ठंड, चोटियां हिमकणों से लकदक

प्रदेश में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। सोमवार सुबह तराई-भाबर समेत पूरे कुमाऊं में बादल छाए रहे। शाम होने तक अधिकांश स्थानों पर बारिश शुरू हो गई।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Tue, 22 Jan 2019 10:58 AM (IST) Updated:Tue, 22 Jan 2019 07:38 PM (IST)
कुमाऊं में झमाझम बारिश से लौट आई ठंड, चोटियां हिमकणों से लकदक
कुमाऊं में झमाझम बारिश से लौट आई ठंड, चोटियां हिमकणों से लकदक

हल्द्वानी, जेएनएन : प्रदेश में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। सोमवार सुबह तराई-भाबर समेत पूरे कुमाऊं में बादल छाए रहे। शाम होने तक अधिकांश स्थानों पर बारिश शुरू हो गई। मंगलवार 11 बजे तक धूप नहीं निकली और सुबह तक बूंदाबांदी होती रही। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 26 जनवरी तक कुमाऊं में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। नैनीताल, पिथौरागढ़ जिले में मंगलवार को कुछ जगह तेज बारिश या बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है।
बीते 24 घंटे की बात करें तो कुमाऊं में सर्वाधिक 29.6 मिमी बारिश मुक्तेश्वर में रिकॉर्ड की गई है। पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा में भी अच्छी खासी बारिश देखने को मिली है। सोमवार की रात नैनीताल में 28.2 मिमी, पिथौरागढ़ में 26.2 मिमी, अल्मोड़ा में 25 मिमी, पंतनगर में 12.7 मिमी बारिश हुई है। हालांकि चम्पावत में अभी बारिश ने निराश किया है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है। बीती रात सर्वाधिक कम तापमान मुक्तेश्वर में रिकॉर्ड किया गया। मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान एक दिन में 6 डिग्री लुढ़ककर माइनस 1.6 डिग्री पहुंच गया है। सोमवार रात नैनीताल में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री, चम्पावत में 2.9 डिग्री, पिथौरागढ़ में 2.5 डिग्री रहा। हालांकि तराई-भाबर का न्यूनतम तापमान थोड़ा अधिक रहा। यहां 13 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। बहरहाल, बारिश के बाद किसानों की मायूसी टूटी है।
काफी दिनों बाद मौसम में आए बदलाव से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। हल्द्वानी में सोमवार शाम काले बादल घिर आने से शाम से पहले ही अंधेरा छा गया। कुछ देर में बूंदाबांदी शुरू हो गई। इससे मौसम में ठंडक बढ़ गई है। हालांकि तापमान में गिरावट का सिलसिला मंगलवार से शुरू होगा। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले कुछ दिन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इसके चलते ऊंचाई वाले जिलों में बर्फबारी हो सकती है। अभी सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक अधिक चल रहे तापमान के सामान्य आने से ठंड का असर बढ़ेगा।

कहां कितना रहा तापमान

स्थान         अधिकतम    न्यूनतम
पंतनगर      22.2          9.5
नैनीताल     17.4          8.0
मुक्तेश्वर    14.6         5.7
पिथौरागढ़   17.8         5.5
अल्मोड़ा      20.9         3.5
चम्पावत    16.5         8.5

(नोट : तापमान डिग्री सेल्सियस में)

फसलों को होगा फायदा

मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. धनपत कुमार ने बताया कि बारिश से जमीन में नमी का स्तर बढ़ेगा। गेहूं, सरसों, लाई समेत अन्य फसलों के लिए शीतकालीन बारिश वरदान साबित होगी।

खुले रहेंगे सभी स्‍कूल

वीके सुमन, जिलाधिकारी नैनीताल ने बताया कि मौसम विभाग ने सामान्य बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। इस समय जिले के अधिकांश स्कूलों में परीक्षाओं की तैयारी चल रही है। लिहाजा मंगलवार को सभी स्कूल कॉलेज खुले रहेंगे।

यह भी पढ़ें : सख्ती के बावजूद नहीं सुधर रहे वाहन चालक, विगत वर्ष हुआ इतने वाहनों का चालान

chat bot
आपका साथी