रामनगर में गुटबाजी का शिकार हुई कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा, जानिए क्‍या है मामला

उत्‍तराखंड में सत्ता परिवर्तन के लिए निकाली जा रही कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा रामनगर में गुटबाजी की शिकार हो गई। यहां पूर्व सीएम हरीश रावत का रथ और प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह का रथ अलग-अलग रास्तों में बंटकर सभास्थल पर पहुंचा।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Mon, 06 Sep 2021 08:05 AM (IST) Updated:Mon, 06 Sep 2021 08:05 AM (IST)
रामनगर में गुटबाजी का शिकार हुई कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा, जानिए क्‍या है मामला
रामनगर में गुटबाजी का शिकार हुई कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा, जानिए क्‍या है मामला

संवाद सहयोगी, रामनगर : उत्‍तराखंड में सत्ता परिवर्तन के लिए निकाली जा रही कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा रामनगर में गुटबाजी की शिकार हो गई। यहां पूर्व सीएम हरीश रावत का रथ और प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह का रथ अलग-अलग रास्तों में बंटकर सभास्थल पर पहुंचा। वहीं धुर विरोधी माने जाने वाले कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रणजीत रावत व ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख संजय नेगी के समर्थक भी आपस में भिड़ गए।

खटीमा से चली कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा तीसरे दिन हल्द्वानी होते हुए रामनगर पहुंची थी। जैसे ही पार्टी के वरिष्ठ नेता रामनगर के प्रवेश द्वार पर पहुंचे, नजारा बदलने लगा। कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष रणजीत रावत व ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी के बीच मतभेद पहले से ही जगजाहिर हैं। दोनों के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता रविवार को भी रोड शो में दिख गई। इस बीच रास्ते को लेकर दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। विवाद को देखते हुए प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिह, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल आदि रणजीत रावत की जिप्सी में सवार होकर रोड शो के लिए निकले। वे सभी बालाजी मंदिर के रास्ते कोसी रोड होते हुए सभा स्थल पर पहुंच गए।

वहीं संजय नेगी की जिप्सी में पूर्व सीएम हरदा बैठ गए। लखनपुर के रास्ते रोड शो निकालते हुए बैलपड़ाव स्थित सभास्थल पहुंचे। दोनों के अलग-अलग रास्ते से रोड शो निकालना भी गुटबाजी को ही हवा दे गया। कार्यकर्ता देखते रहे कि परिवर्तन यात्रा किस ओर से सभा स्थल पर आएगी। बाद में सभी वरिष्ठ नेता अपने समर्थकों के साथ सभा स्थल पर एकजुट हुए। सभास्थल पर भी अपने-अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी होते रही। सभा के बीच में ही पूर्व सीएम मंच से उठे और उन्होंने माइक से सभी को शांत रहने का कहा।

chat bot
आपका साथी