नैनीताल को रेड जोन बनाने से भड़के व्यापारी, कांग्रेस-आप भी आक्रोशित

नैनीताल जिले को रेड जोन घोषित करने से व्यापारी और सियासी दल नाराज हो गए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 02 Jun 2020 04:16 AM (IST) Updated:Tue, 02 Jun 2020 06:19 AM (IST)
नैनीताल को रेड जोन बनाने से भड़के व्यापारी, कांग्रेस-आप भी आक्रोशित
नैनीताल को रेड जोन बनाने से भड़के व्यापारी, कांग्रेस-आप भी आक्रोशित

जासं, नैनीताल : जिले को रेड जोन घोषित करने से व्यापारी और सियासी दल भड़क गए हैं। व्यापारियों ने प्रभारी मंत्री के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर इसे ज्यादती करार दिया है। वहीं कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने इसे प्रशासनिक नाकामी कहा है।

सोमवार को व्यापार मंडल मल्लीताल के अध्यक्ष किशन नेगी, तल्लीताल के अध्यक्ष भुवन लाल साह समेत अन्य ने ज्ञापन भेजकर कहा है कि 30 मई को भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार जिले को बफर, कंटेनमेंट व नॉन कंटेनमेंट जोन में बांटा जाना था, मगर इस आदेश के बजाय पुरानी गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए जिले को रेड जोन घोषित कर दिया गया, जबकि नैनीताल शहर में एक भी कोरोना पॉजिटिव केस नहीं है। पिछले ढाई माह से नैनीताल के कारोबारी लॉकडाउन में आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, भारत सरकार व गृह मंत्रालय व्यापार व अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रयास कर रही है मगर उत्तराखंड सरकार विषम परिस्थितियां पैदा कर रही है। वहीं कांग्रेस व आप ने सवाल उठाया है कि दूसरे जिलों के मामलों को नैनीताल में क्यों जोड़ा जा रहा है?

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने कहा कि पिथौरागढ़, अल्मोड़ा व बागेश्वर के मामलों को भी नैनीताल जिले में जोड़ दिया गया, जिससे जिल रेड जोन में आ गया। इससे पर्यटन के साथ ही अन्य कारोबार शुरू होने की उम्मीद धूमिल हो गई। उधर, आम आदमी पार्टी ने रेड जोन की श्रेणी न हटाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान वरिष्ठ नेता प्रदीप दुम्का, सदस्यता प्रमुख शाकिर अली, संदीप भटनागर, विजय साह, पीसी जोशी, रामनारायण आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी