पिथौरागढ़ के देवलथल में गुलदार ने दिनदहाड़े महिला को मार डाला, एक महीने में तीसरी घटना
देवलथल तहसील के हराली ग्राम पंचायत के आगर गांव में सोमवार दोपहर गुलदार ने जंगल में घास काट रही महिला को शिकार बना डाला। क्षेत्र में महीने भर में गुलदार के हमले में तीन महिलाओं के मारे जाने से दहशत है।
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़ : जिला मुख्यालय से 22 किमी दूर देवलथल तहसील के हराली ग्राम पंचायत के आगर गांव में सोमवार दोपहर गुलदार ने जंगल में घास काट रही महिला को शिकार बना डाला। क्षेत्र में महीने भर में गुलदार के हमले में तीन महिलाओं के मारे जाने से दहशत है।
आगर निवासी 40 वर्षीय सीमा देवी पत्नी शंकर राम सोमवार दोपहर जंगल में घास काट रही थी। तीन अन्य महिलाएं भी कुछ दूरी पर घास काट रही थीं। सीमा घास चराने के लिए बकरियां भी ले गई थी। इसी बीच गुलदार ने एक बकरी पर हमला कर दिया। सीमा ने शोर मचाया तो बकरी छोड़ गुलदार उस पर ही झपट पड़ा।
सीमा को जंगल की ओर खींचने लगा। साथी महिलाओं ने सीमा को बचाने के लिए गुलदार पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। ऐसे में गुलदार सीमा को छोड़कर चला गया।सीमा की मौत हो गई थी। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम ने आकर जानकारी ली।
इस क्षेत्र में गुलदार ने एक माह में तीन महिलाओं को मार दिया है। सबसे पहले रसियापाटा के निकट खेत में महिला का मार डाला। दूसरी घटना में रिण बिछुल क्षेत्र के निकट जानवरों के लिए चारा देने गई महिला को घर से मात्र सौ मीटर दूर शिकार बनाया। पांच दिन पूर्व बिछुल गांव में एक महिला को घायल कर दिया।
दूसरी ओर, बेरीनाग में भी पिछले दिनों एक बालिका को गुलदार ने मार डाला था।
यह भी पढ़ें : कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में बाघ ने महिला पर किया हमला, तेज चिल्लाने से बच गई जान