पूर्व विधायक सरिता के बेटे ने खुले में फेंका कूड़ा, एक हजार रुपये वसूला जुर्माना

= महिलाओं ने वापस उठवाया फेंका गया कूड़ा = सौहार्द संस्था के स्वच्छता अभियान के दौरान हुई घट

By JagranEdited By: Publish:Thu, 26 Apr 2018 10:11 PM (IST) Updated:Thu, 26 Apr 2018 10:11 PM (IST)
पूर्व विधायक सरिता के बेटे ने खुले में फेंका कूड़ा, एक हजार रुपये वसूला जुर्माना
पूर्व विधायक सरिता के बेटे ने खुले में फेंका कूड़ा, एक हजार रुपये वसूला जुर्माना

= महिलाओं ने वापस उठवाया फेंका गया कूड़ा

= सौहार्द संस्था के स्वच्छता अभियान के दौरान हुई घटना

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी

खुले में कूड़ा फेंकना पूर्व विधायक और कांग्रेस नेत्री के बेटे को भारी पड़ गया। महिलाओं ने कार से फेंका गया कूड़े का बैग वापस उठवाया और एक हजार रुपये जुर्माना वसूला। साथ ही चेताया कि खुले में कोई भी गंदगी फैलाएगा उसे इसी तरह टोका जाएगा।

गुरुवार को सौहार्द जनसेवा समिति के कार्यकर्ता लालडांठ क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चला रहे थे। अभियान के दौरान डॉ. लाल के समीप बनी पुलिया पर कूड़ा फेंकते एक व्यक्ति को रंगे हाथ पकड़ा गया। मौके पर कूड़े फेंकने को लेकर हुए हंगामे को देखने लोगों की भीड़ जुट गई। लोक विधायक के बेटे की महिलाओं से हो रही बहस को मोबाइल कैमरे में कैद करने लगे। संस्था की अध्यक्ष विद्या महतोलिया ने बताया कि कूड़ा फेंकने वाला युवक नैनीताल की पूर्व विधायक व महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य का बेटा मोहित आर्य है। खुले में कूड़ा फेंकने पर उन्हें रोका गया तो उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को मौके पर बुलाने की बात कही। जिस पर महिलाओं ने साफ कहा कि लालडांठ में कूड़ा फेंकने पर एक हजार रुपये जुर्माना रखा गया है। साथ ही बोर्ड भी लगाया गया है जिस पर नीचे आज्ञा से उपजिलाधिकारी भी लिखा गया है। मौके पर हंगामा हुआ तो पूर्व विधायक सरिता आर्य से फोन पर बात की गई और पूरे मामले की जानकारी दी गई। फोन पर पूर्व विधायक ने कहा कि युवक अभी शहर में नया है। जिस स्थान पर कूड़ा डाला जा रहा है वहां कूड़ेदान लगवाएं। इसके बाद भी संस्था के कार्यकर्ता बिना जुर्माना वसूले युवक को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुए। साफ कहा गया कि चाहे विधायक हो या अन्य कोई अधिकारी खुले में कूड़ा फेंकने पर हर हाल में जुर्माना वसूला जाएगा। इसके बाद मोहित आर्य ने एक हजार रुपये जुर्माना भरा। संस्था अध्यक्ष विद्या महतोलिया ने बताया कि जुर्माने की धनराशि कैंसर पीड़ित एक व्यक्ति को दी जाएगी।

इस अवसर पर संस्था की सचिव किरन त्रिपाठी, भावना रावत, लीला मनराल, नीलम त्रिपाठी, दया विनवाल, अनिता शाह, अलका जीना सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रही।

chat bot
आपका साथी