महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष के हस्तक्षेप पर आरोपित गिरफ्तार

भाजे की यातनाओं से त्रस्त महिला की जब स्थानीय पुलिस ने फरियाद नहीं सुनीं तो उसे राज्य महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष के सामाने गुहार लगानी पड़ी। इस पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Oct 2020 10:26 PM (IST) Updated:Wed, 28 Oct 2020 10:26 PM (IST)
महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष के हस्तक्षेप पर आरोपित गिरफ्तार
महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष के हस्तक्षेप पर आरोपित गिरफ्तार

संस, लालकुआं : भाजे की यातनाओं से त्रस्त महिला की जब स्थानीय पुलिस ने फरियाद नहीं सुनीं तो उसे राज्य महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमिता लोहनी के रामनगर स्थित घर जाना पड़ा। पीड़िता की दर्दभरी दास्ता सुनने के बाद जब अमिता लोहनी ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की तो तब जाकर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया।

बता दें गत दिवस बिंदुखत्ता के विकासपुरी नंबर दो निवासी एक महिला ने रामनगर पहुंचकर राज्य महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमिता लोहनी को शिकायती पत्र सौंपा था। जिसमें महिला ने कहा था कि गांव में ही रहने वाले उसके पति के भाजे संतोष राम ने उसे बहुत परेशान कर रखा है। गत नौ अक्टूबर को उसके भाजे ने उसके साथ अभद्रता की तो उसकी शिकायत कोतवाली लालकुआ में की गई परंतु भाजे द्वारा माफी मागने पर उसने मुकदमा दर्ज नहीं कराया। इसके बाद 23 अक्टूबर को वह घर के पास ही नल से पानी लेने गई थी तो आरोपित ने उसे कमरे में बंद कर उसके साथ जोर जबरदस्ती करते हुए उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के चिल्लाने पर आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़कर महिला को बाहर निकाला। इस बीच आरोपित युवक मौका पाकर फरार हो गया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि कोतवाली पुलिस को तहरीर देने के बाद भी उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने जब कोई सुनवाई नहीं की तो उसने महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष से न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता देखते हुए अमिता लोहनी ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बात की। जिसके बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपित को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया है। इधर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहतास सागर ने बताया कि पूर्व में महिला कोतवाली में तहरीर नहीं दे रही थी। जैसे ही महिला ने तहरीर दी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी