तीन दिन का अल्टीमेटम

जागरण संवाददाता, भीमताल : आंगनबाड़ी सह कार्यकत्री दीपा जोशी हत्याकांड का तीसरे दिन शनिवार को भी पुलिस

By Edited By: Publish:Sun, 05 Jul 2015 10:26 AM (IST) Updated:Sun, 05 Jul 2015 10:26 AM (IST)
तीन दिन का अल्टीमेटम

जागरण संवाददाता, भीमताल : आंगनबाड़ी सह कार्यकत्री दीपा जोशी हत्याकांड का तीसरे दिन शनिवार को भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई। इस दौरान पुलिस को आंदोलनकारियों ने तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। वहीं विभिन्न संगठनों के विरोध के बीच व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर शीघ्र खुलासे की मांग की।

शनिवार सुबह ही कई व्यापारी तिकोनिया में एकत्र हो गए। जहां से पैदल मार्च कर उन्होंने अन्य दुकानें भी बंद कराई। इसके बाद तिकोनिया में ही एबीवीपी, भाजपा, कांग्रेस, बसपा के पदाधिकारी और आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सह कार्यकत्री ने पुलिस व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश नेगी, विधायक प्रतिनिधि दिनेश सांगुड़ी, गीता पांडे, प्रदीप पाठक, रविंद्र कर्नाटक, चेतन जोशी, उमेश पलड़िया, बसपा नेता, नवीन आर्या, भुवन आर्या, पं. तारादत्त पांडे, व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज जोशी, संरक्षक युगल किशोर साह, रामपालसिंह गंगोला भी धरने पर बैठे। इस दौरान विधायक दान सिंह भंडारी ने डीएम को मामले की वस्तुस्थिति बताई। बसपा नेताओं ने मामले को दो दिन बीत जाने पर भी खुलासा नहीं होने पर आपत्ति दर्ज की और अपने प्रदेश अध्यक्ष की भावना से अवगत कराया। मामले में आंगनबाड़ी कार्यकत्री संगठन की सुनिता साही, आनंदी आर्या, दीपा पाठक, नीरू बिष्ट, अनिता साह, दीक्षा, पुष्पा आर्या, आशा आर्या, योगिता प्रीति, कांग्रेसी नेता नितेश बिष्ट, नगर अध्यक्ष डीके डालाकोटी, भावना नौलिया, ब्लॉक प्रमुख गीता बिष्ट, जिपं सदस्य डॉ. हरीश सिंह, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख अनिल चनौतिया, कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख सोनू बिष्ट, विपिन चंद्रा, दीपू महरा, उमेश पलड़िया, पूर्व सभासद गीता पांडे, भाजपा नेत्री भावना महरा, बसपा के कुमाऊं मंडल प्रभारी भुवन आर्या ने शीघ्र खुलासे की मांग की।

========

एक घंटे में खुलासे पर पुलिस के हाथ-पांव फूले

तिकोनिया में आंदोलित भीड़ तीन दिन बाद भी मामले का खुलासा न होने पर अचानक आक्रोशित हो उठी और रैली के रूप में थाने की ओर कूच कर दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस को एक घंटे में मामले का खुलासा न होने पर उग्र आंदोलन शुरू करने का एलान कर दिया, जिससे पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष मंजू तिवारी व ऋतु डालाकोटी ने पुलिस पर जानबूझकर मामले का खुलासा न करने का आरोप लगाया। एसपी हल्द्वानी यशवंत सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी बीआर राणा, थानाध्यक्ष एनएन पंत ने बाहर आकर लोगों की बात सुनी और लोगों को शांत कराया। वहीं, कांग्रेस नेता, पूर्व ब्लॉक प्रमुख, ऊर्जा संवर्धन और विकास सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष कृपाल सिंह महरा ने पुलिस की निष्क्रियता का आरोप लगाया और खुलासा न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

========

विधायक ने दी आमरण अनशन की चेतावनी

हत्याकांड का तीन दिन में खुलासा न होने पर विधायक दान सिंह भंडारी ने भीमताल थाने के समीप ही बुधवार को दोपहर 12 बजे से तिकोनिया में आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है। भंडारी ने कहा कि पुलिस अब भी मामले की गंभीरता को नहीं समझ रही है, जिससे लोगों में असुरक्षा का भय पैदा हो रहा है। पुलिस को जनभावना का ध्यान रख हत्यारों को जल्द सलाखों के पीछे डालना चाहिए। ========

पुलिस को चाहिए अभी समय

दीपा हत्याकांड में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि न होने पर मामले ने नया मोड़ लिया है। अब पुलिस अन्य बिंदुओं को भी सामने रख जांच कर रही है, जिसमें समय लग रहा है। एसपी सिटी यशवंत सिंह ने बताया कि पुलिस ने न्यायालय में फॉरेंसिक जांच के लिए आवेदन किया है, जिसमें मिले सबूतों को देहरादून भेजा जाएगा। इधर, पुलिस ने सभी संदिग्धों के डीएनए टेस्ट कराने के भी संकेत दिए हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी बीएस राणा, थानाध्यक्ष एनएन पंत ने बताया कि कई दिशाओं में कार्य किया जा रहा है। मामला रंजिश का भी हो सकता है, जिसे किसी ने जान-बूझकर इसको दुष्कर्म का रूप देने की कोशिश की।

chat bot
आपका साथी