Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में फिर बदल सकता है मौसम, बारिश और बर्फबारी के आसार

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शनिवार को पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम फिर करवट बदल सकता है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।

By Raksha PanthariEdited By: Publish:Fri, 31 Jan 2020 08:20 PM (IST) Updated:Fri, 31 Jan 2020 08:20 PM (IST)
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में फिर बदल सकता है मौसम, बारिश और बर्फबारी के आसार
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में फिर बदल सकता है मौसम, बारिश और बर्फबारी के आसार

देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड में इन दिनों मौसम राहत दे रहा है, लेकिन कड़ाके की ठंड लोगों को बेचैन कर रही है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शनिवार को पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम फिर करवट बदल सकता है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।

प्रदेश में शुक्रवार को मसूरी समेत प्रदेश के सात शहरों में न्यूनतम तापमान शून्य के करीब रहा। पिछले दिनों हुई बारिश और बर्फबारी के बाद पर्वतीय क्षेत्रों में मुश्किलों का दौर अभी थमा नहीं है। करीब 150 गांवों में बिजली अभी बहाल नहीं हो पाई है, वहीं गंगोत्री, यमुनोत्री और बदरीनाथ हाईवे समेत एक दर्जन सड़कों पर यातायात बाधित है। 

शुक्रवार को प्रदेश में पहाड़ से लेकर मैदान तक धूप खिली रही, लेकिन बर्फीली हवा हाड़ कंपा रही है। मसूरी के अलावा टिहरी, जोशीमठ, अल्मोड़ा और चम्पावत में बर्फीली हवा बेचैन कर रही है। इस बीच मौसम साफ होने पर लोक निर्माण विभाग की टीम सड़कों से बर्फ हटाने में जुटी रही। 

बर्फीली हवा से परेशान हुए लोग 

रुड़की में बादलों की आवाजाही और बर्फीली हवा के कारण शुक्रवार को दिनभर ठंड रही। हालांकि बीच-बीच में हल्की धूप भी खिली, लेकिन इससे शहरवासियों को कोई खास राहत नहीं मिल सकी।

शहर और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को तेज धूप खिलने की वजह से दोपहर में लोगों को ठिठुरन भरी ठंड से राहत मिल गई थी, लेकिन शुक्रवार को मौसम का मिजाज फिर से बदल गया। सुबह कोहरा छाने के साथ ही बादलों ने भी डेरा डाले रखा। सुबह साढ़े 10 बजे तक बादल छाए रहे। साथ ही बर्फीली हवा भी चलती रही। इसके बाद धीरे-धीरे मौसम साफ होने लगा। कुछ देर बाद ही धूप खिल गई, लेकिन धूप की चमक कम रही। हल्की धूप होने के कारण लोगों को ठंड से कोई खास राहत महसूस नहीं हुई, बल्कि दिनभर बादलों की आंखमिचौनी का खेल चलने और सर्द हवा के कारण लोगों की कंपकंपी छूट गई।

मौसम के करवट लेने से गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली। अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जबकि, दिन ढलने के बाद मौसम और सर्द हो गया। उधर, आइआइटी रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि-मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को भी दिनभर में बीच-बीच में बादलों की आवाजाही होती रहेगी।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather Forecast: उत्तराखंड में धूप खिलने से मिली राहत, दुश्वारी का दौर बरकरार

विभिन्न शहरों में तापमान

शहर,       अधि.      न्यून.

देहरादून    21.7       5.6

उत्तरकाशी  12.7       1.4

मसूरी      11.3       0.9 

टिहरी      11.2       0.8

हरिद्वार     20.1       6.2

जोशीमठ   11.2       0.4

पिथौरागढ़  15.2       0.4

अल्मोड़ा   12.6       0.1

मुक्तेश्वर   07.8       0.5

नैनीताल    12.7       2.0

यूएसनगर   18.6      5.2

चम्पावत    12.1      0.2

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather: चारधाम समेत ऊंची चोटियों पर भारी हिमपात, करीब 50 मार्गों पर आवाजाही ठप

chat bot
आपका साथी