Dehradun News: उत्‍तराखंड परिवहन निगम का बड़ा धमाका, 20 साल बाद एक दिन में सर्वाधिक आय का बनाया नया कीर्तिमान

Dehradun News चारधाम यात्रा व पर्यटन सीजन के कारण इन दिनों उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें पूरी तरह पैक चल रहीं हैं। ऐसे में पांच जून यानी सोमवार को परिवहन निगम ने एक दिन में 3.20 करोड़ रुपये की कमाई की है।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Wed, 07 Jun 2023 08:03 AM (IST) Updated:Wed, 07 Jun 2023 08:03 AM (IST)
Dehradun News: उत्‍तराखंड परिवहन निगम का बड़ा धमाका, 20 साल बाद एक दिन में सर्वाधिक आय का बनाया नया कीर्तिमान
उत्‍तराखंड परिवहन निगम का बड़ा धमाका, 20 साल बाद एक दिन में सर्वाधिक आय का बनाया नया कीर्तिमान

देहरादून, जागरण संवाददाता। उत्तराखंड परिवहन निगम ने अपने गठन के 20 वर्ष बाद एक दिन में सर्वाधिक आय का नया कीर्तिमान बनाया है। चारधाम यात्रा व पर्यटन सीजन के कारण इन दिनों निगम की बसें पूरी तरह पैक चल रहीं हैं। ऐसे में पांच जून यानी सोमवार को परिवहन निगम ने एक दिन में 3.20 करोड़ रुपये की कमाई की है। यह परिवहन निगम की बसों से होने वाली अब तक की सर्वाधिक आय है।

इससे पूर्व पिछले वर्ष दीपावली पर भाई-दूज के अगले दिन निगम ने सर्वाधिक 2.87 करोड़ रुपये की आय का कीर्तिमान बनाया था। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक रोहित मीणा ने बताया कि यह सिर्फ निगम के कार्मिकों की कार्य-कुशलता और अथक परिश्रम के कारण संभव हुआ है।

20 में से 19 साल तक घाटे में रहा था परिवहन

बता दें कि अक्टूबर-2003 में उत्तराखंड परिवहन निगम का गठन हुआ था। इन 20 वर्ष में करीब 19 वर्ष तक परिवहन निगम आर्थिक घाटे में रहा, लेकिन पिछले वर्ष परिसंपत्तियों के बंटवारे के बाद उत्तर प्रदेश से मिले 204 करोड़ रुपये के कारण निगम का घाटा दूर हुआ और यह मुनाफे में आ पाया। इसी वर्ष निगम ने होली के त्योहारी सीजन में एक हफ्ते में दो बार आय का नया कीर्तिमान बनाया था। परिवहन निगम ने 12 मार्च को 2.70 करोड़, जबकि छह मार्च को निगम ने 2.44 करोड़ रुपये की कमाई की थी। होली पर यह अब तक की सर्वाधिक आय थी।

परिवहन निगम की 1200 बसें हो रहीं हैं संचालित

निगम के महाप्रबंधक (संचालन) दीपक जैन ने बताया कि वर्तमान में निगम के पास 1305 बसों का बेड़ा है। इनमें 900 बसें निगम की अपनी हैं, जबकि शेष 405 अनुबंधित बसें हैं। यात्रा व पर्यटन सीजन में रोजाना 1200 बसें संचालित हो रहीं हैं। इनमें 35 बसें नियमित चारधाम यात्रा में चल रहीं, जिनसे औसतन पांच लाख रुपये प्रतिदिन की आय हो रही।

निगम के पास हैं 100 सीएनजी बसें

वर्तमान में निगम के पास 100 सीएनजी बसें भी हैं। दिल्ली मार्ग सर्वाधिक आय वाला मार्ग बना हुआ है। पांच जून को बने आय के कीर्तिमान में सर्वाधिक 57 लाख रुपये की आय देहरादून ग्रामीण डिपो ने की है। लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या से उत्तराखंड परिवहन निगम को अच्छा मुनाफा हुआ है।

chat bot
आपका साथी