Uttarakhand Weather Update: उत्‍तराखंड में दो साल बाद सितंबर में हुई सामान्य से अधिक बारिश

Uttarakhand Weather Update इस सितंबर माह में उत्‍तराखंड में सामानय से अधिक बारिश हुई है। ऐसा राज्‍य में दो साल बाद हुआ है। जबकि अगस्‍त माह में कम बारिश हुई है। इसका कारण बारिश के बदले पैटर्न को माना जा रहा है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Fri, 01 Oct 2021 07:55 AM (IST) Updated:Fri, 01 Oct 2021 07:55 AM (IST)
Uttarakhand Weather Update: उत्‍तराखंड में दो साल बाद सितंबर में हुई सामान्य से अधिक बारिश
उत्तराखंड में बारिश के बदले पैटर्न ने मानसून का संतुलन बिगाड़ दिया है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में बारिश के बदले पैटर्न ने मानसून का संतुलन बिगाड़ दिया है। इस बार सितंबर में दो साल बाद सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। जबकि, अगस्त में सामान्य से कम बारिश रही। मानसून की विदाई आगे खिसकने को भी अधिक बारिश का कारण माना जा रहा है। वहीं, पूरे मानसून सीजन (जून से सितंबर) में सामान्य से दो फीसद कम बारिश हुई है, लेकिन मानसून की विदाई तक इसके सामान्य से अधिक होने की संभावना है।

इस बार मानसून सीजन में शुरुआत से अनियमित बारिश का क्रम बना रहा। मानसून ने समय से पहले दस्तक दी, 13 जून को मानसून के सक्रिय होने के बाद इस माह दो से तीन दौर की बारिश से ही संतोष करना पड़ा। इसके बाद जुलाई के पहले सप्ताह में भी मेघ सामान्य से 66 फीसद कम बरसे। दूसरे सप्ताह में भी सामान्य से सात फीसद कम बारिश हुई। तीसरे सप्ताह में मानसून ने गति पकड़ी और सामान्य से 27 फीसद अधिक बारिश दर्ज की गई। इसके बाद अंतिम सप्ताह में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से छह फीसद अधिक रहा। अगस्त में बीच-बीच में बारिश का क्रम धीमा पड़ता रहा और पूरे माह में सामान्य से 23 फीसद कम बारिश रिकार्ड की गई। अब सितंबर में मानसून की सक्रियता बढ़ गई और पूरे माह में सामान्य से 10 फीसद अधिक बारिश दर्ज की गई। इससे पहले बीते 2019 में सितंबर में सामान्य से 28 फीसद अधिक बारिश हुई थी। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि सितंबर में अधिक बारिश का कारण मानसून की विदाई आगे खिसकने के कारण हुई। सामान्यत: उत्तराखंड में 27-28 सितंबर को मानसून विदा होता है। 17 सितंबर को राजस्थान से मानसून की देश से विदाई शुरू होती है, जो 15 अक्टूबर तक पूरी होती है।

मानसून की बारिश की स्थिति

मानसून सीजन (जून से सितंबर), वास्तविक बारिश : 1153 मिलीमीटर, सामान्य बारिश : 1176 मिलीमीटर, अंतर : -2 फीसद अगस्त में वास्तविक बारिश : 306 मिलीमीटर, सामान्य बारिश मिलीमीटर : 398, अंतर : -23 फीसद सितंबर में वास्तविक बारिश : 213 मिलीमीटर, सामान्य बारिश : 194 मिलीमीटर, अंतर : 10 फीसद

छह जिलों में भारी बारिश की आशंका

देहरादून : उत्तराखंड में मानसून की बारिश का क्रम जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शुक्रवार से रविवार तक प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इनमें देहरादून, टिहरी, नैनीताल, हरिद्वार, चंपावत और पिथौरागढ़ शामिल हैं। इसके अलावा अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रविवार के बाद बारिश का क्रम कुछ धीमा पड़ सकता है।

नृसिंह मंदिर मार्ग का 30 मीटर हिस्सा धंसा, आवाजाही रोकी

जोशीमठ में बदरीनाथ व हेमकुंड साहिब के यात्रियों की आवाजाही का प्रमुख मार्ग नृसिंह मोटर मार्ग का 30 मीटर हिस्सा धंस गया, जिसके बाद इस सड़क से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। बाजार से ही यात्री वाहनों की आवाजाही कराए जाने से जाम लग रहा है। स्थानीय निवासियों ने सड़क धंसने के बाद भी अधिकारियों के मौके पर न पहुंचने पर नाराजगी जताई है। उधर, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने कड़ी मशक्कत के बाद टंगणी में अवरुद्ध बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को खोल दिया है। करीब 14 घंटे बाद यात्री वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें:-Uttarakhand Weather: उत्‍तराखंड में मानसून की बारिश का सिलसिला जारी, बदरीनाथ हाईवे सुचारू

chat bot
आपका साथी