Uttarakhand Eletion 2022: कांग्रेस मुख्यालय में दिनभर लगाए रहे टकटकी, जानिए क्यों शाम को निराश लौटे सभी

Uttarakhand Election 2022 कांग्रेस के प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होने की आस में शनिवार को दिनभर राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकर्त्ताओं का जमघट लगा रहा। जब देर शाम तक भी सूची जारी नहीं हुई तो कार्यकर्त्ता निराश होकर लौट गए।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Sun, 23 Jan 2022 10:21 AM (IST) Updated:Sun, 23 Jan 2022 10:21 AM (IST)
Uttarakhand Eletion 2022: कांग्रेस मुख्यालय में दिनभर लगाए रहे टकटकी, जानिए क्यों शाम को निराश लौटे सभी
कांग्रेस मुख्यालय में दिनभर लगाए रहे टकटकी। जागरण

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Eletion 2022 उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होने की आस में शनिवार को दिनभर राजपुर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकर्त्ताओं का जमघट लगा रहा। जब देर शाम तक भी सूची जारी नहीं हुई तो कार्यकर्त्ता निराश होकर लौट गए।

कांग्रेस के कुछ बड़े नेताओं ने शनिवार दोपहर तक उत्तराखंड के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होने की बात इंटरनेट मीडिया पर साझा की थी। ऐसे में सुबह 10 बजे से ही दून स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्त्ता जुटने शुरू हो गए थे। अपने पसंदीदा दावेदार को टिकट मिला या नहीं, यह जानने के लिए शहर के अलावा जिले के दूरदराज से भी कार्यकर्त्ता मुख्यालय पहुंचे थे। इसके बाद मुख्यालय में हर तरफ टिकट पर चर्चा शुरू हो गई।

अलग-अलग समूह में कार्यकर्त्ता टिकटों की गणित पर अपनी-अपनी राय रखने में मशगूल थे। बीच-बीच में प्रत्याशियों की सूची पर भी अपने करीबी नेताओं और पदाधिकारियों से अपडेट लिया जा रहा था। हर किसी को एक ही जवाब मिल रहा था कि बस थोड़ी देर और...। दिनभर यही प्रक्रम चलता रहा और बारिश के बावजूद कार्यकर्त्ता प्रत्याशियों की सूची जारी होने की उम्मीद में कार्यालय में डटे रहे। शाम को जब यह खबर आई कि प्रत्याशियों के चयन के लिए एक और समिति बनाई जाएगी, तब कार्यकर्त्ता निराश होकर लौटने लगे।

प्रत्याशियों की घोषणा में देरी से कार्यकर्त्ताओं में नाराजगी

चर्चा के दौरान कई कार्यकर्त्ता प्रत्याशियों की घोषणा में देरी की वजह पूर्व सीएम हरीश रावत और विरोधी गुट में कुछ सीटों को लेकर सहमति नहीं बन पाने को मान रहे थे। इस देरी को कई कार्यकर्त्ता पार्टी के लिए सकारात्मक न मान चुनाव प्रचार में पिछड़ने की आशंका जताते रहे। इस देरी से क्षुब्ध थराली से आए एक कार्यकर्त्ता ने तो मुख्यालय में मौजूद पार्टी के बड़े नेता से पूछ भी लिया कि क्या पांच साल में नेतृत्व यह तय नहीं कर पाया कि किस क्षेत्र से कौन कांग्रेस नेता सशक्त दावेदार हो सकता है और भाजपा के प्रत्याशी को टक्कर दे सकता है।

सवाल यह भी उठा कि दो महीने पहले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने संभावित दावेदारों के यह कहकर साक्षात्कार लिए थे कि साक्षात्कार ही उम्मीदवार चयन का आधार होगा। फिर प्रत्याशी चयन में इतना विलंब क्यों हो रहा है। ऊखीमठ से आए एक कार्यकर्त्ता का कहना था कि पार्टी ने पूर्व में जो राष्ट्रीय पर्यवेक्षक विधानसभा क्षेत्रों में भेजे थे, उनकी रिपोर्ट का क्या हुआ।

कांग्रेस के महामंत्री संगठन मथुरा दत्त जोशी ने बताया कि पार्टी हाईकमान दिल्ली में प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व के साथ लगातार मंथन कर रहा है, जो उम्मीदवार कांग्रेस से होंगे, वह दमदार होंगे और भाजपा पर भारी पड़ेंगे। पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है।

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Election 2022: कांग्रेस ने उत्‍तराखंड में जारी की प्रत्याशियों की पहली सूची, जानिए किसे कहां से मिला टिकट

chat bot
आपका साथी