कर्मियों के समर्थन में धरने पर बैठे विधायक भीमलाल

By Edited By: Publish:Sat, 23 Aug 2014 01:37 AM (IST) Updated:Fri, 22 Aug 2014 09:02 PM (IST)
कर्मियों के समर्थन में धरने पर बैठे विधायक भीमलाल

जागरण संवाददाता, देहरादून: एक कर्मचारी के लिए अशोभनीय भाषा और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में विभागीय कर्मचारियों का विरोध झेल रहे जिला समाज कल्याण अधिकारी के मामले में अब नेताओं की दखलंदाजी शुरू हो गई है। शुक्रवार को कर्मचारियों से मिलने के लिए दो विधायक धरना स्थल पर पहुंचे। जहां एक विधायक ने मामले को सुलझाने का प्रयास किया, तो दूसरे विधायक कर्मचारियों के समर्थन में ही धरने पर बैठ गए।

जिला समाज कल्याण अधिकारी के खिलाफ कर्मचारियों द्वारा खोला गया मोर्चा शुक्रवार को भी जारी रहा। कर्मचारी सुबह से ही दफ्तर के बाहर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप था कि अधिकारी बार-बार अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल करते हैं। इसलिए जब तक उन्हें यहां से नहीं हटाया जाएगा तब तक कर्मचारी हड़ताल जारी रखेंगे। दोपहर को विधायक राजकुमार मामले को सुलझाने के लिए समाज कल्याण कार्यालय पहुंचे। जहां कर्मचारियों ने विधायक के सामने अपनी पीड़ा बयां की लेकिन, हड़ताल खत्म करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद घनसाली विधायक भीमलाल आर्य भी कर्मचारियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया और उनके साथ ही धरने पर बैठ गए। विधायक ने बताया कि यदि कर्मचारियों की मांग पूरी नहीं की जाती तो वह सोमवार को प्रमुख सचिव समाज कल्याण के कार्यालय के बाहर धरना देंगे। इस दौरान उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विसेस एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सुनील जोशी, सुभाष देवलियाल, दीपचंद बुडाकोटी सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी