तीन दायित्वधारियों को कैबिनेट और 12 को राज्यमंत्री का दर्जा किया प्रदान

बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष नरेश बंसल को कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है।

By Edited By: Publish:Sat, 05 Jan 2019 09:55 PM (IST) Updated:Sun, 06 Jan 2019 11:18 AM (IST)
तीन दायित्वधारियों को कैबिनेट और 12 को राज्यमंत्री का दर्जा किया प्रदान
तीन दायित्वधारियों को कैबिनेट और 12 को राज्यमंत्री का दर्जा किया प्रदान

देहरादून, राज्य ब्यूरो। बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष नरेश बंसल को कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है। इस संबंध में शनिवार को आदेश जारी कर दिए गए। वहीं, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विजय बड़थ्वाल और अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष डॉ.आरके जैन को भी मंत्री का दर्जा देने के संबंध में शुक्रवार को गोपन विभाग ने आदेश निर्गत किए थे। इसके साथ ही अब मंत्री का दर्जा पाने वाले दायित्वधारियों की संख्या तीन हो गई है, जबकि 12 को राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है।

सरकार ने 22 दिसंबर 2018 को 14 भाजपा नेताओं को दायित्व दिए थे। इनमें पूर्व मंत्री विजय बड़थ्वाल को अध्यक्ष उत्तराखंड राज्य महिला आयोग, मोहन प्रसाद थपलियाल को अध्यक्ष बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति, केदार जोशी को अध्यक्ष कुमाऊं मंडल विकास निगम, नरेश बंसल को उपाध्यक्ष राज्य स्तरीय 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति, गजराज बिष्ट को अध्यक्ष उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड, ज्ञान सिंह नेगी को उपाध्यक्ष राज्य ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार परिषद, शमशेर सिंह सत्याल को अध्यक्ष श्रम संविदा सलाहकार बोर्ड, डॉक्टर विनोद आर्या को उपाध्यक्ष पशु कल्याण बोर्ड, महावीर सिंह रांगड़ को अध्यक्ष गढ़वाल मंडल विकास निगम, डॉ. आरके जैन को अध्यक्ष अल्पसंख्यक आयोग, शमीम आलम को अध्यक्ष उत्तराखंड राज्य हज समिति, दीप्ति रावत को उपाध्यक्ष उच्च शिक्षा उन्नयन समिति, घनानंद को उपाध्यक्ष उत्तराखंड संस्कृत साहित्य एवं कला परिषद और राजेश कुमार को अध्यक्ष समाज कल्याण अनुश्रवण समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई। 

शुक्रवार को इन दायित्वधारियों को मंत्री व राज्यमंत्री का दर्जा देने के संबंध में आदेश निर्गत हुए थे। इसमें पूर्व मंत्री विजय बड़थ्वाल के अलावा डॉ.आरके जैन को मंत्री और शेष को राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया था। शनिवार को गोपन विभाग ने अपने आदेश में संशोधन करते हुए नरेश बंसल को भी मंत्री का दर्जा प्रदान करने के आदेश जारी कर दिए। इसके साथ ही मंत्री स्तर का दर्जा हासिल करने वाले दायित्वधारियों की संख्या तीन हो गई है। शेष दायित्वधारियों का राज्यमंत्री का दर्जा रहेगा।

यह भी पढ़ें: भाजपा नेताओं का इंतजार हुआ खत्म, सरकार में बांटे जाएंगे दायित्व

यह भी पढ़ें: अमित शाह से पहले उत्तराखंड आ सकते हैं पीएम मोदी

chat bot
आपका साथी