मुख्य सचिव ओमप्रकाश बोले, प्रवासियों को रोजगार मुहैया कराना रहेगी प्राथमिकता

वरिष्ठ आइएएस ओमप्रकाश ने शुक्रवार को प्रदेश के 16वें मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में राज्य में लौटे प्रवासियों को रोजगार मुहैया कराना रहेगी।

By Edited By: Publish:Fri, 31 Jul 2020 08:54 PM (IST) Updated:Sat, 01 Aug 2020 01:37 PM (IST)
मुख्य सचिव ओमप्रकाश बोले, प्रवासियों को रोजगार मुहैया कराना रहेगी प्राथमिकता
मुख्य सचिव ओमप्रकाश बोले, प्रवासियों को रोजगार मुहैया कराना रहेगी प्राथमिकता

देहरादून, राज्य ब्यूरो। वरिष्ठ आइएएस ओमप्रकाश ने शुक्रवार को प्रदेश के प्रदेश के 16वें मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में राज्य में लौटे प्रवासियों को रोजगार मुहैया कराने और मुख्यमंत्री की गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने की घोषणा को मूर्त रूप देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। नौकरशाहों से जनप्रतिनिधियों को सम्मान नहीं मिलने की शिकायत पर उन्होंने कहा कि अधिकारियों में इस दायित्व के प्रति अभिरुचि विकसित की जाएगी। इसके बाद भी अनदेखी हुई तो ऐसे अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। नए मुख्य सचिव ओमप्रकाश उन्हें मिली अहम जिम्मेदारी और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के उन पर किए गए भरोसे के अहसास से लबरेज दिखे।

शुक्रवार को सचिवालय में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने हर वह पहलु छूने की कोशिश की जो त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार और केंद्र की मोदी सरकार की प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के संकल्प को मूर्त रूप देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। प्रवासियों की संख्या करीब 10 लाख तक पहुंचने जा रही है, उनके सेवायोजन के पुरजोर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से उन्हें देवभूमि की सेवा का सौभाग्य मिला है। देहरादून के जिलाधिकारी से लेकर वर्तमान में मुख्य सचिव का दायित्व निभाते हुए प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति पर जोर दिया जाएगा। कोरोना संकटकाल को नए अवसर के तौर पर लेते हुए राज्य को आर्थिक नुकसान से उबारना उनकी प्राथमिकताओं का हिस्सा है। महामारी के इस दौर में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जा रही हैं।

दूरगामी लाभ देखते हुए इस व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं के मुताबिक रिवर्स पलायन के लिए किए जा रहे प्रयासों को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। राज्य में बसावट व रोजगार की ठोस नीति, आइटी के क्षेत्र में ई-ऑफिस को लागू किया जाएगा। प्रधानमंत्री के निर्देशन में राज्य में चल रहीं केदारनाथ पुनर्निर्माण, ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजनाओं को पूर्णता की ओर पहुंचाया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न कार्यालयों को इंटरनेट से जोड़ा जाएगा। मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने जनप्रतिनिधियों के शिकायती रुख को लेकर नौकरशाहों को सख्त संकेत भी दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों पर जनता की अपेक्षाओं का दबाव होता है। उनकी विधिमान्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अधिकारियों में अभिरुचि विकसित करनी होगी। दोनों पक्षों के बीच संवादहीनता न रहे, ये प्रयास किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather Update:ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे समेत कई मार्ग भूस्खलन के कारण बंद, पढ़िए पूरी खबर

निवर्तमान मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह को दी विदाई 

सचिवालय में शुक्रवार शाम पांच बजे मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने अपना कार्यभार वरिष्ठ आइएएस ओमप्रकाश को सौंपा। निवर्तमान मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह एवं नए मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने सम्मान स्वरूप एकदूसरे को गुलदस्ते भेंट किए। सेवानिवृत्ति पर निवर्तमान मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह को तमाम आइएएस अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भावभीनी विदाई दी। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी भी मौजूद रहे। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में आयोजित विदाई समारोह में निवर्तमान मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने निष्ठापूर्वक जन सेवा को संकल्प के तौर पर लेने की सीख दी। उन्होंने कुछ प्रेरणास्पद पुस्तकों का जिक्र भी किया। वक्ताओं ने कोरोना संकटकाल में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह के कार्यो और नेतृत्व क्षमता को सराहा।

यह भी पढ़ें: अनलॉक के पहले चरण पर भारी रहा अनलॉक 2.0, आज से अनलॉक का तीसरा चरण शुरू

chat bot
आपका साथी