दायित्वों को लेकर होमवर्क पूरा, जल्द बंटवारा

देहरादून पहुंचे भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने कहा कि दायित्वों को लेकर होमवर्क पूरा कर लिया गया है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Sun, 04 Mar 2018 03:09 PM (IST) Updated:Sun, 04 Mar 2018 03:10 PM (IST)
दायित्वों को लेकर होमवर्क पूरा, जल्द बंटवारा
दायित्वों को लेकर होमवर्क पूरा, जल्द बंटवारा

देहरादून, [राज्य ब्यूरो]: सालभर से दायित्व की बाट जोह रहे भाजपा नेताओं की यह मुराद अब जल्द पूरी होने जा रही है। देहरादून पहुंचे भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने कहा कि दायित्वों को लेकर होमवर्क पूरा कर लिया गया है। भाजपा की समन्वय समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि अब जल्द ही दायित्व वितरण हो जाएगा। बैठक में निकाय चुनावों पर भी चर्चा हुई और इसमें विस चुनाव जैसा प्रदर्शन दोहराने को पूरी सजगता से कार्य करने पर जोर दिया गया। इस मौके पर राज्यसभा चुनाव पर विमर्श हुआ, मगर परंपरानुसार इस बारे में केंद्रीय नेतृत्व द्वारा फैसला लिए जाने के मद्देनजर कोई टिप्पणी नहीं की गई।

सरकार में विभिन्न निगमों व परिषदों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के पदों पर नियुक्ति होनी है, लेकिन यह मसला अटका हुआ है। हालांकि, लंबी कसरत के बाद भाजपा संगठन ने दायित्वों के लिए 26 नाम फाइनल किए हैं, लेकिन वितरण को लेकर ऊहापोह बना हुआ था। लंबे अंतराल के बाद प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू की अध्यक्षता में बीजापुर गेस्ट हाउस में हुई भाजपा समन्वय समिति की बैठक में भी यह मसला उठा। यही नहीं, बैठक के बाद एक कार्यक्रम के दौरान जाजू ने साफ किया कि जल्द ही दायित्वों का वितरण कर दिया जाएगा।

वहीं, बैठक में अप्रैल में प्रस्तावित निकाय चुनावों पर मंथन के दौरान प्रदेश प्रभारी ने कहा कि जिस प्रकार पार्टी ने विस चुनाव में जनता का विश्वास हासिल किया, उसी प्रकार निकाय चुनाव में भी प्राप्त करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की उम्मीदों पर काम कर रही है। केंद्र व राज्य सरकारों की उपलब्धियों का परिणाम निकाय चुनाव में भाजपा के परचम के रूप में दिखेगा। उन्होंने पूर्वाेत्तर की तरह यहां भी निकाय चुनावों को लेकर सजग रहने के निर्देश भी दिए। प्रदेश प्रभारी ने आजीवन सहयोग निधि की समीक्षा भी की।

प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के अनुसार बैठक में प्रदेश सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों व योजनाओं को बूथ स्तर तक भाजपा कार्यकर्ताओं व आम जनता तक पहुंचाने के लिए संगठन की भूमिका और योजना की रणनीति पर विमर्श हुआ। बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, खजानदास काबीना मंत्री मदन कौशिक मौजूद रहे।

सरकार के कामकाज की समीक्षा, संघ से फीडबैक

भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने समन्वय समिति की बैठक के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक युद्धवीर समेत अन्य नेताओं के साथ सरकार के एक साल के कामकाज की समीक्षा की। बताते हैं कि इस दौरान मंत्रियों की परफार्मेंस रिपोर्ट भी आंकी गई। इसके अलावा संघ नेताओं से भी कामकाज को लेकर फीडबैक लिया गया। इस दौरान सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच पूरी गहनता से ले जाने पर जोर दिया गया।

यह भी पढ़ें: त्रिपुरा में पीएम के विकास के एजेंडे और शाह के कुशल नेतृत्व की जीत: सीएम

यह भी पढ़ें: सीएम का विरोध करने जा रहे कांग्रेसी गिरफ्तार, अस्थाई जेल भेजा

chat bot
आपका साथी