नगर निगम ने दिया प्लास्टिक बंद का संदेश

नगर निगम ने शहर में रैली निकाल कर प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने को लोगों को प्रेरित किया। रैली में निगम कार्मिकों ने तख्तियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 21 Sep 2019 09:47 PM (IST) Updated:Sat, 21 Sep 2019 09:47 PM (IST)
नगर निगम ने दिया प्लास्टिक बंद का संदेश
नगर निगम ने दिया प्लास्टिक बंद का संदेश

जागरण संवाददाता, देहरादून: नगर निगम ने शहर में रैली निकाल कर प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद करने का संदेश दिया। महापौर की अध्यक्षता में नगर निगम के अधिकारियों, पार्षद समेत सैकड़ों पर्यावरण मित्र रैली का हिस्सा बने। नगर निगम ने नारे और तख्तियों के माध्यम से शहर के प्रमुख इलाकों में लोगों को जागरूक किया।

शनिवार शाम सैकड़ों की संख्या में नगर निगम कर्मचारी नगर निगम परिसर में एकत्रित हुए। महापौर सुनील उनियाल गामा की अध्यक्षता में आयोजित रैली बुद्धा चौक, लैंसडौन चौक, कनक चौक, बहल चौक, गांधी पार्क, घंटाघर, दर्शनलाल चौक से होते हुए नगर निगम परिसर में ही समाप्त हुई। रैली में लोगों ने नारों के माध्यम से प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने, कपड़े के थैले इस्तेमाल करने, पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश दिया। इससे पहले महापौर सुनील उनियाल गामा ने दून को प्लास्टिक मुक्त बनाने का आह्वान किया। रैली के समर्थन में युवा मोर्चा के नेता समेत भाजपा के अन्य नेता भी पहुंचे। रैली को समर्थन देने दर्जाधारी जितेंद्र कुमार मोनी और रविंद्र कटारिया भी पहुंचे। रैली में नगर आयुक्त विनय शंकर पांडे, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कैलाश जोशी, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके सिंह, अधिशासी अभियंता अनूप भटनाकर समेत अन्य नगर निगम कर्मचारी और पार्षद मौजूद रहे।

-----

रैली में उपस्थित दर्ज करवा वापस लौटे

रैली में कई नेता केवल उपस्थिति दर्ज कराने पहुंचे। रैली में सबसे आगे खड़े हुए कई नेता, रैली शुरू होने के बाद, नगर निगम के मुख्य गेट से वापस लौट आए। रैली में शामिल हो रहे कर्मचारियों के परिसर से बाहर जाने के बाद, ये नेता अपनी गाड़ियों में बैठकर निकल गए।

chat bot
आपका साथी