सेवा व समर्पण से काम कर रहे रेडक्रास स्वयंसेवक : राज्‍यपाल गुरमीत सिंह

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने राजभवन प्रेक्षागृह में भारतीय रेडक्रास समिति राज्य शाखा की 71वीं बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि रेडक्रास स्वयंसेवक सेवा व समर्पण से काम कर रहे हैं।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Thu, 28 Apr 2022 09:18 AM (IST) Updated:Thu, 28 Apr 2022 09:18 AM (IST)
सेवा व समर्पण से काम कर रहे रेडक्रास स्वयंसेवक : राज्‍यपाल गुरमीत सिंह
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने राजभवन प्रेक्षागृह में भारतीय रेडक्रास समिति राज्य शाखा की 71वीं बैठक की अध्यक्षता की।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने कहा कि रेडक्रास स्वयंसेवक सेवा, समर्पण, त्याग और परोपकार की भावना से समाज व राष्ट्र को योगदान दे रहा है। चार धाम यात्रा, मानसून के दौरान इन स्वयंसेवकों को जन सहायता के लिए तैयार रहना होगा।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने बुधवार को राजभवन प्रेक्षागृह में भारतीय रेडक्रास समिति राज्य शाखा की 71वीं बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा के लिए रेडक्रास ईश्वर का सबसे बड़ा आशीर्वाद है।

उनके स्वयंसेवकों में सभी को साथ लेकर चलने की दृढ़ इच्छाशक्ति होती है। इसमें महिलाओं व युवाओं का योगदान भी बराबर है। उन्होंने रेडक्रास पदाधिकारियों से इंटरनेट मीडिया, मास मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से अधिक संख्या में स्वयंसेवकों को जोड़ने की अपेक्षा की।

उन्होंने कहा कि चार माह में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इनेबल एंड्रायड बेस्ड एप्लिकेशन बनाई जाए। उत्तराखंड में कई चुनौतियां हैं। इसके लिए रेडक्रास को सदैव तत्पर रहना चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि तीन माह बाद राजभवन में रेडक्रास का राज्य स्तरीय सेमिनार होगा। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थाओं में अधिक संख्या में स्वयंसेवक बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान रेडक्रास ने टीकाकरण व अन्य गतिविधियों में अपना योगदान दिया।

ऐसे स्वयंसेवकों को सम्मानित करते हुए उन्हें खुशी होगी। उन्होंने जिला स्तरीय रेडक्रास समितियों को आवश्यक सुविधाएं, वाहन, औषधियों व सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

इससे पहले राज्यपाल ने रेडक्रास सोसायटी की राज्य शाखा के उद्घोष गीत को लांच किया। इस गीत को बागेश्वर के हरीश दफौटी ने तैयार किया। इस गीत को तैयार करने के लिए उन्होंने बागेश्वर जिला शाखा को बधाई दी।

बैठक में पिछली आम सभा की बैठक की कार्यवाही की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई। रेडक्रास की राज्य व जिलास्तरीय शाखाओं की ओर से वार्षिक कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया गया। वर्ष 2021-22 में राज्य का वास्तविक आय-व्ययक और 2022-23 के लिए अनुमानित आय-व्ययक प्रस्तुत किया गया।

रेडक्रास समिति ने भविष्य में सामान्य व स्वास्थ्य कार्यक्रम, प्रशिक्षण एवं आपदा प्रबंधन, जूनियर या यूथ रेडक्रास के गठन व वित्तीय सहायता बढ़ाने के अभियान प्रस्तावित किए।

राज्य प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कुंदन सिंह टोलिया ने भारत के गवर्नर जनरल की ओर से 1947 में जूनियर रेडक्रास प्राइमरी विद्यालय मिलम, पिथौरागढ़ का पंजीकरण प्रमाण पत्र राज्यपाल को भेंट स्वरूप प्रदान किया।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव एल फैनई, सचिव राज्यपाल डा रंजीत सिन्हा, जिलाधिकारी डा आर राजेश कुमार, रेडक्रास राज्य प्रबंधन समिति के महासचिव डा एमएस अंसारी, उपाध्यक्ष गौरव जोशी, कोषाध्यक्ष मोहन खत्री समेत जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारी मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी