दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और कर्नल अजय कोठियाल ने उत्तरकाशी में किया रोड शो

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने उत्तरकाशी में आयोजित जनसभा में कहा कि दिल्ली सरकार बिजली महंगी खरीदती है फिर भी आज दिल्ली की 80 फीसदी जनता के बिल जीरो आते हैं। दिल्ली में 24 घंटे बिजली फ्री देते हैं।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Wed, 17 Nov 2021 04:58 PM (IST) Updated:Wed, 17 Nov 2021 06:51 PM (IST)
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और कर्नल अजय कोठियाल ने उत्तरकाशी में किया रोड शो
उत्तरकाशी रामलीला मैदान में जनसभा के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और अन्य। जागरण

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। आम आदमी पार्टी ने गंगोत्री विधानसभा से 'बोल बदरी विशाल लाल की जय' उद्घोष के साथ चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी। उत्तरकाशी में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और कर्नल अजय कोठियाल ने रोड शो के साथ तिरंगा रैली निकाली। इसके बाद रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को मनीष सिसोदिया ने संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस के कई स्थानीय नेता आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।

जनसभा में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड विधानसभा के चुनाव अभियान की आधारशिला गंगोत्री (उत्तरकाशी) से रखी जा रही है, जिसमें नींव का पत्थर अजय कोठियाल के नाम से रखा गया है। राज्य निर्माण के लिए उत्तराखंड वासियों ने खून-पसीना बहाया। लेकिन, राज्य बनने के बाद वोट गलत जगह दिया। उस समय उनके पास कोई विकल्प भी नहीं था। लेकिन, अब उत्तराखंड की जनता के पास भाजपा और कांग्रेस से मुक्ति व प्रदेश के पुनर्निर्माण के लिए विकल्प मौजूद है।

कर्नल अजय कोठियाल केवल गंगोत्री विधायक या उत्तराखंड के सीएम पद का चेहरा नहीं, बल्कि उत्तराखंड के नवनिर्माण के लिए खड़े हैं। मनीष सिसोदिया ने कहा कि वह भाजपा और कांग्रेस दोनों को चुनौती देकर पूछते हैं कि उत्तरखंड का एक सरकारी विद्यालय बता दें, जहां से पढ़कर बच्चे नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं पास कर रहे हों।

दिल्ली में सैकड़ों सरकारी स्कूल ऐसे हैं, जहां से बच्चे नीट और आइआइटी निकाल रहे हैं। इस मौके पर कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि उनके लिए सौभाग्य की बात है कि वह चुनावी मैदान में अपनी कर्मभूमि से उतर रहे हैं। कहा कि वो उत्तराखंड की प्रत्येक विधानसभा में 'बोल बदरी विशाल लाल की जय' के उद्घोष के साथ जन सभाएं करेंगे।

यह भी पढ़ें:- कौन हैं कर्नल अजय कोठियाल, जो गंगोत्री से आप की टिकट पर लड़ेंगे चुनाव; मनीष सिसोदिया ने किया ऐलान

जो दिल्ली में हो सकता है वह उत्तराखंड में क्यों नहीं

मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में महंगी बिजली खरीदने के बावजूद वहां की 80 फीसद जनता का बिल जीरो आता है। उत्तराखंड में बिजली बनती है, फिर भी यहां महंगी है। जो दिल्ली में हो सकता है वह उत्तराखंड में क्यों नहीं। इसलिए भाजपा और कांग्रेस वाले जब वोट मांगने आएं तो उनसे यह सवाल जरूर पूछना। 21 वर्षों से उत्तराखंड की जनता के साथ छलावा क्यों किया जा रहा है।

यहां आंगनबाड़ी बहनों का वेतन एक माह पहले बढ़ाया गया है। जब आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में हुंकार भरी है तो सोई सरकार जागी। जबकि, दिल्ली में आप के सत्ता में आते ही 2015 में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं का वेतन 5000 से 10000 किया गया था। इसलिए सरकार ऐसी चुनो जो निर्णय लेने और जनता को सुविधाएं देने में देर न करें। आम आदमी पार्टी यहां की जनता को विश्वास दिलाती है कि जिस परिकल्पना से उन्होंने अलग राज्य की मांग की थी, उसी परिकल्पना के अनुरूप प्रदेश का विकास होगा।

यह भी पढ़ें: - Uttarakhand Election: उत्तरकाशी में मनीष सिसोदिया का ऐलान, गंगोत्री से चुनाव लड़ेंगे कर्नल अजय कोठियाल

chat bot
आपका साथी