आयुष छात्रों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस

फीस वृद्धि को लेकर पिछले 47 दिनों से धरना दे रहे आयुष के छात्रों के समर्थन में युवा कांग्रेस ने शनिवार को गांधी पार्क के बाहर धरना दिया। इस अवसर पर कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार को चेताया कि आयुष छात्रों को अहित नहीं होने दिया जाएगा। उनको समर्थन जारी रहेगा।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Nov 2019 07:54 PM (IST) Updated:Sat, 16 Nov 2019 07:54 PM (IST)
आयुष छात्रों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस
आयुष छात्रों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस

जागरण संवाददाता, देहरादून : फीस वृद्धि को लेकर पिछले 47 दिनों से धरना दे रहे आयुष के छात्रों के समर्थन में युवा कांग्रेस ने शनिवार को गांधी पार्क के बाहर धरना दिया। इस अवसर पर कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार को चेताया कि आयुष छात्रों को अहित नहीं होने दिया जाएगा। उनको समर्थन जारी रहेगा।

धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि हर्रावाला स्थित आयुर्वेद विवि से संबद्ध 13 निजी आयुष कॉलेज संचालक हाईकोर्ट के सिंगल व डबल बैंच के फैसले को भी नहीं मान रहे हैं। कॉलेज संचालक कोर्ट के फैसले के बाद भी छात्रों से 80 हजार की बजाए दो लाख 15 हजार रुपये शुल्क वसूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी सरकार चुप है। साथ ही इतनी सर्दी में दिन-रात धरना देने वाले छात्रों के प्रति सरकार संवेदनशील नहीं है। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बिक्रम रावत ने कहा कि सरकार की चुप्पी इसलिए है क्योंकि प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री व केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री के अलावा बाबा रामदेव के यह निजी आयुष कॉलेज हैं। सरकार को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सोचना चाहिए कि कई छात्र इतना शुल्क अदा नहीं कर सकते। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य ने कहा कि सरकार के उदासीन रवैये के कारण दर्जनों आयुष छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है उनका भविष्य बर्बाद हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आयुष छात्रों के साथ अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी। धरना देने वालों में पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश रमन, डीएवी के पूर्व अध्यक्ष संग्राम सिंह पुंडीर, जसविंदर सिंह गोगी, रोबिन त्यागी, प्रदेश मीडिया प्रभारी संदीप चमोली, एनएसयूआइ के प्रदेश मीडिया प्रभारी विकास नेगी आदि शामिल थे।

chat bot
आपका साथी