Coronavirus: कांग्रेस का आरोप, सात तालों में कैद सरकार; भाजपा का पलटवार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रवासियों की वापसी को लेकर सरकार के रुख पर हमला बोला। वहीं भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने पलटवार किया।

By Bhanu Prakash SharmaEdited By: Publish:Thu, 21 May 2020 08:55 AM (IST) Updated:Thu, 21 May 2020 08:55 AM (IST)
Coronavirus: कांग्रेस का आरोप, सात तालों में कैद सरकार; भाजपा का पलटवार
Coronavirus: कांग्रेस का आरोप, सात तालों में कैद सरकार; भाजपा का पलटवार

देहरादून, राज्य ब्यूरो। कोरोना संक्रमण के दौरान कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है।  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रवासियों की वापसी को लेकर सरकार के रुख पर हमला बोला। वहीं, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने पलटवार किया।  

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि गांवों में क्वारंटाइन केंद्रों के मामले में प्रधानों के कंधों पर रखकर बंदूक नहीं चलाई जानी चाहिए। कहा कि सरकार सात तालों में कैद है। 2022 में जनता सात ताले खोलकर सरकार को बाहर का रास्ता दिखाएगी। 

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से मुखातिब प्रीतम सिंह ने कहा कि ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में जिसतरह प्रवासियों की वापसी हो रही है, उससे कोरोना संक्रमण बढ़ने का खतरा बढ़ गया है। पर्वतीय जनपदों में यह प्रकोप फैला तो इस पर काबू पाना काफी मुश्किल होगा। 

गांवों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को प्रवासियों को बेस कैंप, जिला, ब्लॉक और तहसील मुख्यालयों पर क्वारंटाइन किया जाना चाहिए। गांवों में ये केंद्र बनाने का फैसला अनुचित है। अन्य राज्यों से आने वाले नागरिकों को थर्मल स्कैनिंग की इतिश्री के बाद सीधे उनके गाव भेजा जा रहा है। उनकी जिम्मेदारी ग्राम प्रधान पर डाली गई है। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रवासियों की संख्या ज्यादा है। संसाधनों की कमी से जूझ रहे ग्राम प्रधानों को क्वारंटाइन केंद्रों की व्यवस्था के लिए वित्तीय मदद नहीं दी गई। यह न्यायोचित नहीं है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भी भेजा गया, लेकिन सरकार किसी की बात सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उनके दौरे में ग्राम प्रधानों ने उन्हें हकीकत बयां की है। 

ग्राम प्रधानों को मदद नहीं देने के विरोध में धरना 

गांवों में क्वारंटाइन केंद्र बनाने और ग्राम प्रधानों को मदद नहीं देने के विरोध में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के मार्गदर्शन में कांग्रेस के नेताओं ने अपने आवासों पर एक घंटे तक धरना दिया। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने बताया कि सरकार के उक्त फैसले के विरोध में प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर पार्टी के करीब 100 से ज्यादा साथियों ने धरना दिया।

गफलत फैलाकर पंचायतों को गुमराह कर रही कांग्रेस

प्रवासियों के साथ ही कोविड-19 के मद्देनजर व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस भ्रामक जानकारियों से अफवाह फैला रही है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानों को अधिकार दिए जाने से तिलमिलाई कांग्रेस गफलत फैलाकर पंचायतों को भी गुमराह करने की कोशिश कर रही है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान ने आंकड़ों के साथ कांग्रेस के आरोपों का जवाब दिया। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी तक 846 क्वारंटाइन फैसिलिटी हैं, जिसमें 27182 बेड की क्षमता है। इसी तरह 4036 आइसोलेशन फैसलिटी में में 5713 बेड प्रयोग हो रहे हैं और 21469 बेड खाली है। पिछले 24 घंटों में 196 बेड और जोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि न सिर्फ वर्तमान बल्कि भविष्य की आवश्यकता के मद्देनजर इंतजाम अग्रिम रूप से किए गए हैं। 

उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों को अधिकार दिए जाने से कांग्रेस तिलमिला गई है और इसलिए गफलत फैला रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों को पंचायत स्तर पर प्रवासियों को होम क्वारंटाइन करने को कैंपों में रखने की व्यवस्था की जिम्मेदारी ऐहतियातन दी गई है। इसकी गणना आंकड़ों में नहीं की गई है। यह प्रधानों पर छोड़ा गया है कि वे डीएम से संसाधनों की मांग करेंगे और डीएम यह उपलब्ध कराएंगे। 

यह भी पढ़ें: Coronavirus: उत्तराखंड कांग्रेस ने सीएस को सौंपी प्रवासियों की सूची, भाजपा ने साधा निशाना

बावजूद इसके प्रधान स्वेच्छा से ग्रामीणों की भागीदारी से गांवों में कैंपों का संचालन कर रहे हैं। यही पहलू कांग्रेस की आंख की किरकिरी बना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह कथन भी शर्मनाक है, जिसमें कहा गया है कि प्रवासियों से कोई पैसा या किराया वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने राष्ट्रीय नेतृत्व की हां में हा मिलाने को मनगढ़ंत बातें कर राज्य के जनमानस को धोखा देने का कार्य कर रही है।

यह भी पढ़ें: भाजपा की प्रांतीय कोर कमेटी की बैठक, प्रवासियों को विभिन्न योजनाओं में रोजगार दिलाने पर जोर

chat bot
आपका साथी