प्रधानमंत्री मोदी से मिले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र, मांगी ज्यादा इमदाद

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में आपदा से हुई जन-धन हानि के साथ खोज बचाव और राहत कार्यों के बारे में जानकारी दी।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Tue, 23 Feb 2021 07:10 PM (IST) Updated:Tue, 23 Feb 2021 09:55 PM (IST)
प्रधानमंत्री मोदी से मिले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र, मांगी ज्यादा इमदाद
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में आपदा से हुई जन-धन हानि के साथ खोज, बचाव और राहत कार्यों के बारे में जानकारी दी। साथ ही राज्य के सीमित संसाधनों का हवाला देते हुए केंद्र से अधिक मदद की पैरवी की। उधर, दिल्ली दौरे के तीसरे दिन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की केंद्रीय मंत्रियों से ताबड़तोड़ मुलाकात में उत्तराखंड के खाते में आधारभूत सुविधाओं के विकास की महत्वपूर्ण योजनाएं जुड़ गईं। करीब ढाई हजार करोड़ की धनराशि से प्रस्तावित ये योजनाएं धरातल पर उतरीं तो राज्य की सूरत में बड़ा बदलाव दिखाई पड़ सकता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने चमोली में आपदा के दौरान केंद्र सरकार से तत्काल सहायता के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने बताया कि आपदा प्रभावित 13 गांवों में जल व विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। तीन गांवों में आवागमन को ट्राली चलाई जा रही है। समुचित मात्रा में खाद्यान्न व रसद की आपूर्ति की जा रही हे। ऋषिगंगा के मुहाने पर अस्थायी झील की निरंतर निगरानी वैज्ञानिक कर रहे हैं। झील से जल निकासी को और अधिक बढ़ाने की कोशिशें जारी हैं। उन्होंने राज्य में हिमनद एवं जल संसाधन केंद्र बनाने की आवश्यकता जताई।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को कुंभ मेले के साथ श्रीबदरीनाथ व श्रीकेदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। राज्य के सीमित संसाधन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वन भूमि हस्तांतरण के मामलों में राज्य की परियोजनाओं को केंद्र की परियोजनाओं की तर्ज पर डिग्रेडेड फारेस्ट पर क्षतिपूरक पौधरोपण करने की नीति पर बल दिया। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत मंगलवार देर शाम देहरादून वापस लौट आए।

इससे पहले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय सड़क, परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर राज्य में रोड कनेक्टिविटी के विस्तार में मदद मांगी। गडकरी ने राज्य सरकार के करीब 561 करोड़ के प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के अनुरोध पर केंद्रीय रेल, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल ने टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी दी। अन्य अहम योजनाओं पर कार्यवाही के निर्देश उन्होंने विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने विकेंद्रीकृत खरीद प्रणाली के तहत राज्य को सब्सिडी की बकाया 640 करोड़ की राशि जल्द देने के निर्देश खाद्य विभाग के अधिकारियों को दिए।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत ने मुख्यमंत्री के 38 बाढ़ सुरक्षा योजनाओं समेत करीब 1585 करोड़ की विभिन्न योजनाओं के राज्य के प्रस्ताव पर सहयोग के प्रति आश्वस्त किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात के दौरान गैरसैंण के निकट चौखुटिया में हवाई पट्टी बनाने समेत कई प्रस्तावों पर सहमति दी। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा में उत्तराखंड के जवानों के योगदान को देखते हुए राज्य को हर संभव मदद की बात कही।

यह भी पढ़ें-उत्तराखंड सीएम ने गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात, आपदा में राहत व बचाव कार्यों की दी जानकारी

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी