रायशुमारी को आज दून पहुंचेंगे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सहस्रबुद्धे

भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के सर्वसम्मति से चुनाव के मद्देनजर कवायद तेज होने लगी है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 19 Dec 2019 10:18 PM (IST) Updated:Fri, 20 Dec 2019 06:13 AM (IST)
रायशुमारी को आज दून पहुंचेंगे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सहस्रबुद्धे
रायशुमारी को आज दून पहुंचेंगे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सहस्रबुद्धे

राज्य ब्यूरो, देहरादून: भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के सर्वसम्मति से चुनाव के मद्देनजर कवायद तेज होने लगी है। इस कड़ी पार्टीजनों के मन की टोह लेने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य विनय सहस्रबुद्धे शुक्रवार को देहरादून आ रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार सहस्रबुद्धे यहां पार्टी के कोर गु्रप के साथ ही वरिष्ठ नेताओं के अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेताओं से भी विमर्श करेंगे। फिर वह अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर क्षेत्रीय संतुलन समेत अन्य समीकरणों के चलते अभी तक सहमति नहीं बन पाई है। यही वजह भी रही कि पूर्व में नए अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए तय की गई 15 दिसंबर की तिथि को आगे खिसकाना पड़ा। अब यह चुनाव 30 दिसंबर तक हर हाल में कराने का निश्चय किया गया है। इसे देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में रायशुमारी के लिए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्रबुद्धे शुक्रवार को यहां पहुंच रहे हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सहस्रबुद्धे अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे। फिर इस पर मंथन के बाद प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को नियुक्त पर्यवेक्षक वरिष्ठ पार्टी नेता शिवराज सिंह चौहान और अर्जुनराम मेघवाल 22 से 25 दिसंबर के बीच देहरादून आ सकते हैं। नए अध्यक्ष के नाम का एलान यही केंद्रीय पर्यवेक्षक करेंगे।

उधर, चार जिलाध्यक्षों के मामले में अभी पेच फंसा हुआ है। पार्टी 14 में से 10 जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा कर चुकी है, लेकिन चार के नाम का एलान होना बाकी है। बताते हैं कि ये नाम तो तय हैं, लेकिन तमाम समीकरणों को भी देखा जा रहा है। इसी वजह से इनकी घोषणा में विलंब हो रहा है।

chat bot
आपका साथी