राम मंदिर: भूमि पूजन के दिन उत्तराखंड में भी जलेंगे दीप

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए पांच अगस्त को होने वाले भूमि पूजन के दिन प्रदेश भाजपा ने राज्यभर में दीपोत्सव का कार्यक्रम तय किया है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 03 Aug 2020 09:37 PM (IST) Updated:Mon, 03 Aug 2020 09:37 PM (IST)
राम मंदिर: भूमि पूजन के दिन उत्तराखंड में भी जलेंगे दीप
राम मंदिर: भूमि पूजन के दिन उत्तराखंड में भी जलेंगे दीप

राज्य ब्यूरो, देहरादून

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए पांच अगस्त को होने वाले भूमि पूजन के दिन प्रदेश भाजपा ने राज्यभर में दीपोत्सव का कार्यक्रम तय किया है। इस दिन कार्यकर्ता पार्टी दफ्तरों के साथ ही घरों में दीप रोशन करेंगे। साथ ही जनसामान्य को भी दीप जलाने को प्रेरित करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने सोमवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री से हुई बातचीत का हवाला देते हुए यह भी कहा कि कोरोना के नियंत्रण में आते ही राज्य मंत्रिमंडल में रिक्त चल रहे तीन मंत्री पद भरे जाएंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भगत ने कहा कि पांच अगस्त का दिन भारत के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय होगा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में भगवान राम की जन्मस्थली पर भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन व शिलान्यास करेंगे। इस ऐतिहासिक क्षण का हर कोई साक्षी बनना चाहता है। उन्होंने बताया कि इस दिन सभी भाजपा कार्यकर्ता सुरक्षित शारीरिक दूरी के मानकों का पालन करते हुए प्रदेश, जिला व मंडल कार्यालयों के साथ ही घरों पर दीप रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को घरों में दीप जलाकर इस महा उत्सव का भागीदार बनना चाहिए।

एक सवाल पर उन्होंने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल में रिक्त चल रहे तीन मंत्री पदों को भरने के संबंध में उनकी मुख्यमंत्री से बात हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के नियंत्रण में आते ही यह कार्य कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार पर पहले ही फैसला हो गया था, मगर कोरोना के कारण यह मामला लंबित हो गया था।

अन्य मदों से भी कराएंगे कटौती

मंत्री, विधायकों के वेतन-भत्तों में 30 फीसद कटौती के कैबिनेट के निर्णय के बावजूद भाजपा विधायकों द्वारा कम कटौती कराने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें जो जानकारी मिली थी, उसके अनुसार मूल वेतन से 30 फीसद कटौती कराई गई। उन्होंने कहा कि यदि कटौती में अन्य मदें भी जोड़ी जानी हैं तो स्थिति स्पष्ट कर उसके हिसाब से कटौती कराई जाएगी। सरकार का जो भी निर्णय है, भाजपा उसके साथ है। उन्होंने कांग्रेस पर पर भी निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस तो पहले वेतन कटौती को तैयार ही नहीं थी। उन्होंने कांग्रेस के उस दावे को भी खारिज किया कि कोरोनाकाल में कांग्रेस ने बहुत सेवा की। साथ ही कहा कि कांग्रेस इसका कोई उदाहरण तो दे।

chat bot
आपका साथी