Festive Season: चेतावनी के बाद हद में दिखे व्यापारी, दुकान लगाने को नहीं किया अतिक्रमण
आम आदमी को यातायात व्यवस्था सुलभ कराने के साथ किसी भी संभावित दुर्घटना से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन और नगर निगम के द्वारा बीते शुक्रवार को बाजार में फ्लैग मार्च किया गया था। इसमें अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई थी। इसका असर बाजार में दिखाई दिया।
ऋषिकेश, जेएनएन। ऋषिकेश में त्योहारी सीजन में आम आदमी को यातायात व्यवस्था सुलभ कराने के साथ किसी भी संभावित दुर्घटना से निपटने के लिए पुलिस, प्रशासन और नगर निगम के द्वारा बीते शुक्रवार को बाजार में फ्लैग मार्च किया गया था। इसमें अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई थी। इसका असर बाजार में दिखाई दिया है। अधिकतर व्यापारी अपनी हद में नजर आए हैं।
नगर निगम और पुलिस की टीम ने अतिक्रमण को लेकर बाजार में शनिवार को अभियान चलाया। सभी प्रमुख बाजारों में त्योहारी सीजन को देखते हुए व्यापारियों ने सड़क तक दुकान सजा दी थी, जिससे राहगीरों का चलना मुश्किल हो रहा था। दुर्घटना की स्थिति में बड़ी परेशानी की आशंका बन गई थी। इसको देखते हुए बीते शुक्रवार को नगर निगम, तहसील प्रशासन, पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से बाजार में फ्लैग मार्च निकाला था, जिसमें व्यापारियों को अपनी सीमा में रहकर व्यापार करने की चेतावनी दी गई थी।
इस मामले में प्रशासन ने शनिवार से अभियान शुरू करने की बात कही थी। नगर निगम में एकत्र पुलिस प्रशासन और निगम की टीम ने सभी प्रमुख बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। हालांकि, नाली के ऊपर अब भी कई दुकानदारों ने सामान सजा रखा है, लेकिन अधिकतर दुकानदार का सामान सड़क पर नजर नहीं आया।
यह भी पढ़ें: विधानसभा अध्यक्ष ने गोविंद नगर में कूड़ा डंपिंग जोन का किया स्थलीय निरीक्षण
मुख्य नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीरियाल ने बताया कि दशहरा पर्व के बाद सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, जिसमें व्यापारियों का सामान जब्त करने से लेकर कोर्ट चालान की भी कार्रवाई शामिल है। शनिवार को टीम के द्वारा दो व्यापारियों के चालान किए गए। अभियान में सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, पुलिस निरीक्षक कुलदीप रावत समेत निगम और पुलिस कर्मी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें: नगर निगम ऋषिकेश ने पुलिस-प्रशासन के साथ निकाला फ्लैग मार्च