छात्रसंघ चुनाव का महासंग्राम, डीएवी के 'रण' में उतरे 33 सूरमा

डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए 33 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनमें 14 छात्राएं भी अपना भाग्य आजमा रहीं हैं।

By Raksha PanthariEdited By: Publish:Tue, 03 Sep 2019 08:26 PM (IST) Updated:Wed, 04 Sep 2019 09:46 AM (IST)
छात्रसंघ चुनाव का महासंग्राम, डीएवी के 'रण' में उतरे 33 सूरमा
छात्रसंघ चुनाव का महासंग्राम, डीएवी के 'रण' में उतरे 33 सूरमा

देहरादून, जेएनएन। छात्र संघ चुनाव के रण में डीएवी पीजी कॉलेज में 33 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनमें 14 छात्राएं भी अपना भाग्य आजमा रहीं हैं। अध्यक्ष व सचिव के पदो को छोड़कर उपाध्यक्ष, सहसचिव, कोषाध्यक्ष व विवि प्रतिनिधि के पदों पर छात्राएं छात्रों को टक्कर देंगीं।

अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों पर चार-चार प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरे हैं। सबसे अधिक नौ प्रत्याशी कोषाध्यक्ष पद के लिए लड़ रहे हैंं। मंगलवार को कॉलेज के पांच कक्षों में नामांकन पत्र जमा किए गए। विभिन्न छात्र संगठनों ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में कैंपस में शक्ति प्रदर्शन और रैलियां भी निकालीं। सुबह 10 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक नामांकन प्रक्रिया चली। नाम वापसी के बाद बुधवार दोपहर बाद साढ़े तीन बजे अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। कॉलेज के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. गोपाल क्षेत्री ने बताया कि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए चार-चार प्रत्याशियों ने नामांकन भरा।

जबकि सचिव पद के लिए तीन, सह सचिव पद के लिए सात, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के लिए छह और कोषाध्यक्ष पद के लिए सबसे अधिक नौ नामांकन भरे गए। मुख्य गेट पर चीफ प्रॉक्टर मेजर अतुल सिंह ने उन्हीं छात्रों को नामांकन के लिए अंदर जाने की अनुमति दी जो नामांकन भरने वाले थे और एक से दो संगठन के छात्र नेता ही कक्ष में प्रवेश कर पा रहे थे। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय सक्सेना ने बताया कि नामांकन के बाद बुधवार दोपहर ढाई से तीन बजे के बीच प्रत्याशी नाम वापस ले सकते हैं। शाम को दोपहर बाद साढ़े तीन बजे अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।   

  

यह हैं दावेदार 

अध्यक्ष: हिमांशु रावत (एनएसयूआइ), निखिल शर्मा (निर्दलीय), सागर तोमर (अभाविप), विजय सिंह (निर्दलीय) 

उपाध्यक्ष: पारितोष सिंह (दिवाकर), सुप्रिया भंडारी (एसएफआइ), अंजना (सक्षम ग्रुप), तमन्ना कठैत (निर्दलीय) 

सचिव: नवोध सिंह परमार (निश्चय), संदीप कुकरेती (आर्यन) व नीरज चौहान (सत्यम-शिवम)

सह सचिव:  प्रकृति रोहिला, रिया पुंदोला, अंशिका शर्मा, अवलोक शर्मा, आकांक्षा, क्षितिज बोरा, शिवानी तोमर 

कोषाध्यक्ष: रिषभ शर्मा, प्रज्ञा शाही, रूपा नेगी, मनीषा, सतीश नौटियाल, कुमारी काजल, संजय सिंह नेहरा, सोमिन चंद्र, ऋषि मोहन चौहान

विवि प्रतिनिधि: सोनाली, आयुषी सकलानी, संजय सिंह परगाई, सचिन कुमार, राजेश भट्ट, सौरभ सिंह नेगी।   

एमकेपी में बुधवार और गुरुवार को होंगे नामांकन

एमकेपी महाविद्यालय में मंगलवार को चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच विभिन्न पदों के लिए 15 छात्राओं ने आवेदन पत्र खरीदे। जिनमें अध्यक्ष, विवि प्रतिनिधि और कोषाध्यक्ष पद के लिए तीन-तीन जबकि उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव पदों के लिए दो-दो छात्राओं ने आवेदन किया है। बुधवार को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे और गुरुवार को प्रात: 10 बजे से दोपहर दो बजे तक छात्राएं नामांकन पत्र जमा कर सकती हैं। कॉलेज की मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. ऋचा कंबोज ने बताया कि छात्राएं बुधवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकती हैं। छात्राओं की सुविधा के लिए नामांकन के लिए दो दिन दिए गए हैं। गुरुवार दोपहर दो बजे से शाम चार बजे के बीच नाम वापसी कर सकते हैं। सही पाए गए नामांकन की अंतिम सूची शुक्रवार को दोपहर बाद तीन बजे जारी की जाएगी। 

एसजीआआर में बुधवार को नामांकन

श्री गुरुराम राय पीजी कॉलेज में बुधवार को सुबह 10.30 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक नामांकन पत्र भरें जाएंगे। मंगलवार को 23 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र खरीदे। कॉलेज के मुख्य चुनाव अधिकारी मेजर प्रदीप सिंह ने बताया कि बुधवार को कॉलेज के परीक्षा कंट्रोल रूप में सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। गुरुवार को सुबह साढ़े 11 बजे से साढ़े 12 बजे के बीच नाम वापसी होगी। दोपहर एक बजे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। प्राचार्य प्रो. वीए बौड़ाई ने बताया कि कॉलेज में लिंगदोह सिफारिशों का शत फीसद पालन कर परिसर से सभी प्रिंटेड बैनर-पोस्टर को हटावा दिया गया है। 

यह भी पढ़ें: डीबीएस कॉलेज में अभाविप ने किया हंगामा, महिला कर्मचारी पर लगाए आरोप Dehradun News

डीबीएस में 51 छात्र-छात्राओं ने लिए फॉर्म

डीबीएस पीजी कॉलेज में मंगलवार को 51 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न पदों के लिए आवेदन पत्र खरीदे। कॉलेज के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. दिलीप शर्मा ने बताया कि आज, बुधवार का सुबह सुबह 10 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक नामांकन भरे जाएंगे। शाम को अंतिम सूची प्रकाशित कर दी जाएगी। सभी छात्र-छात्राओं को पांच सितंबर तक परिचय पत्र जारी किए जाएंगे ताकि दाखिला लेने वाला कोई भी छात्र मतदान से वंचित न रहे। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीसी पांडे ने बताया कि कॉलेज परिसर में पुलिस के सहयोग से लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। एक निर्धारित साइज के बैनर के अलावा किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री लगाने की अनुमति नहीं दी गई है। 

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के छात्रसंघ चुनाव में लिंगदोह की सिफारिशों का पालन कराना चुनौती

रायपुर डिग्री कॉलेज में पांच को नामांकन 

राजकीय महाविद्यालय रायपुर में छात्र संघ चुनाव को लेकर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अंजू अग्रवाल ने मंगलवार को अधिसूचना जारी की। उन्होंने बताया कि बुधवार से आवेदन फार्म की बिक्री शुरू होगी। जबकि पांच सितंबर, गुरुवार को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक  नामांकन पत्र लिए जाएंगे। छह सितंबर को अंतिम सूची जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सचिव पद के लिए आवेदन फीस पांच सौ रुपये, सहसचिव व कोषाध्यक्ष पद के लिए तीन सौ रुपये जबकि विवि प्रतिनिधि पद के लिए आवेदन शुल्क छह सौ रुपये प्रति आवेदन निर्धारित किया गया है।

यह भी पढ़ें: यहां छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर टावर पर चढ़े एनएसयूआइ से जुड़े तीन छात्र, जानिए

chat bot
आपका साथी